सभी हितधारकों के सुझावों को शामिल कर बनाया गया संतुलित बजट- मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 17 मार्च- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री वर्ष 2025-26 का राज्य बजट प्रस्तुत करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चुनावों से पहले जनता से किए गए वादों के अनुरूप संकल्प पत्र के संकल्पों को निरंतर पूरा किया जा रहा है। 217 संकल्पों में से अब तक 19 वायदों को पूरा किया जा चुका है और 14 वायदों पर कार्य प्रगति पर है। राज्य बजट 2025-26 के प्रावधानों को सदन की स्वीकृति मिलने से लगभग 90 और संकल्पों को आगामी वित्त वर्ष में पूरा किया जा सकेगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर चलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा वर्ष 2020 से हरियाणा में बजट पूर्व परामर्श की एक अनोखी प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी कड़ी में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों से सुझाव आमंत्रित करने के लिए हरियाणा की अर्थव्यवस्था के विभिन्न हितधारकों के साथ कुल 11 बैठकें की गई, जिनमें 1592 सुझाव प्राप्त हुए।

 

उन्होंने कहा कि इस परिपाटी को एक कदम आगे बढ़ाते हुए 10 दिसम्बर, 2024 से एक ऑनलाईन पोर्टल भी शुरू किया गया था। इसके माध्यम से हरियाणा के कोने-कोने से घर बैठे लोगों ने बजट के लिए 8963 सुझाव भेजे। कुछ सुझाव ई-मेल और पत्रों के माध्यम से भी मिले। इसके अलावा कुछ आमजन ने अपने लिखित सुझाव भी प्रस्तुत किए। कुल मिलाकर लगभग 11,000 सुझावों पर चिंतन-मनन किया गया और अच्छे सुझावों को बजट में समायोजित किया गया। सभी हितधारकों के सुझावों को शामिल करके हर वर्ग के कल्याण के लिए संतुलित बजट बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *