केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की पहल से चानौत गांव के पीने के पानी के मामले का हुआ समाधान, चार इंच की नई टी को मिली मंजूरी।

ग्रामीणों की मांग पूरी, मुख्य पाइपलाइन से मिलेगा अतिरिक्त पीने के पानी का कनेक्शन, मौजूदा जल आपूर्ति व्यवस्था यथावत रहेगी, जरूरत पड़ने पर नई लाइन से होगी अतिरिक्त आपूर्ति।
सरकार हर गांव और शहर तक पर्याप्त और साफ पीने का पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है – केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और विधायक विनोद भयाना, डीसी राहुल नरवाल ने ग्रामीणों के साथ सीधी बातचीत की, मौके पर निकाला समाधान।

चंडीगढ़, 15 जुलाई (प्रेस की ताकत)
केंद्रीय ऊर्जा, आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल की पहल से हांसी के गांव चानौत में लंबे समय से चले आ रहे पीने के पानी के मामले का समाधान हो गया। केंद्रीय मंत्री द्वारा गांव के लिए मुख्य पेयजल पाइपलाइन से चार इंच की नई टी (कनेक्शन) लगाने की घोषणा और विभागीय मंजूरी मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना खत्म करने का एलान कर दिया।

केंद्रीय मंत्री हांसी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक के बाद पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान हरियाणा सरकार के लोक निर्माण (भवन और सड़कें) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और विधायक विनोद भयाना, डीसी राहुल नरवाल, एसपी विनोद कुमार भी मौजूद थे। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों, धरना कमेटी के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा करके सभी पक्षों को ध्यान से सुना और मौके पर ही समाधान निकाला।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार के पेयजल पाइपलाइन प्रोजेक्ट के दौरान चानौत गांव से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए थे। ग्रामीणों की यह मांग थी कि गांव के पास से गुजर रही मुख्य पेयजल पाइपलाइन से गांव को भी जल आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाए। इसके अलावा जिस जगह से पाइपलाइन बिछाई गई थी, वहां नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य के चलते तकनीकी व प्रशासनिक बाधाएं पैदा हो गई थीं, जिससे प्रोजेक्ट प्रभावित हुआ था।

उन्होंने कहा कि सरकार ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की। जांच में यह पाया गया कि मुख्य पाइपलाइन की क्षमता पर्याप्त है और चानौत गांव को अतिरिक्त जल आपूर्ति उपलब्ध करवाने से किसी अन्य गांव या क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके बाद मुख्य पाइपलाइन से चार इंच की टी लाइन लगाने का फैसला लिया गया और संबंधित विभाग को आवश्यक मंजूरी प्रदान कर दी गई।

केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि गांव की मौजूदा पेयजल व्यवस्था पहले की तरह ही सुचारू रूप से जारी रहेगी और इसमें किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। नई चार इंच की टी लाइन एक अतिरिक्त और वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में काम करेगी। भविष्य में यदि गांव में पानी की मांग बढ़ती है या किसी कारणवश मौजूदा व्यवस्था से पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं हो पाती है, तो नई लाइन के माध्यम से अतिरिक्त पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे गांव की पेयजल व्यवस्था और भी मजबूत होगी और आने वाले वर्षों में बढ़ती आबादी की जरूरतों को भी पूरा किया जा सकेगा।

श्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट से संबंधित आवश्यक औपचारिकताओं को जल्द पूरा करते हुए पाइपलाइन के काम में आने वाली तकनीकी बाधाओं का समाधान किया जाए और नई टी लाइन का काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर गांव तक पर्याप्त और साफ पीने का पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा। धरना कमेटी के प्रतिनिधियों ने कहा कि पीने के पानी से जुड़ा यह विषय लंबे समय से गांव की मुख्य समस्या बना हुआ था, जिसके समाधान की ग्रामीण लगातार मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनकी बात को गंभीरता से सुना और सकारात्मक एवं व्यावहारिक समाधान पेश किया।

#ManoharLal #ChantautVillage #WaterCrisisSolved #DrinkingWaterSupply #PublicWelfare #HaryanaDevelopment #GovernmentInitiative #WaterPipelineProject

#RuralDevelopment #PublicGrievanceRedressal #HansiNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *