राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार 2024 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी

चंडीगढ़,19 फरवरी(म्हारा हरियाणा डेस्क):  भारत सरकार ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में ‘राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार’ 2024 की घोषणा की है। राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार शोधकर्ताओं, प्रौद्योगिकीविदों और नवप्रवर्तकों के उत्कृष्ट और प्रेरक वैज्ञानिक, तकनीकी और नवाचार योगदान को मान्यता प्रदान करता है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और प्रौद्योगिकी आधारित नवाचार के विभिन्न क्षेत्रों में व्यक्तियों या टीम से राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार (आरवीपी) के लिए नामांकन/आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 28 फरवरी है।  

उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार चार श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे। इसमें विज्ञान रत्न (वीआर) विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जीवनकाल की उपलब्धियों और योगदान को मान्यता देने के लिए अधिकतम तीन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसी प्रकार विज्ञान श्री (वीएस) विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान को मान्यता देने के लिए अधिकतम 25 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। वहीं विज्ञान युवा शांति स्वरूप भटनागर (वीवाई-एसएसबी) पुरस्कार विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाले युवा वैज्ञानिकों की प्रतिभा को पहचान दिलाने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए अधिकतम 25 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार की अंतिम श्रेणी में विज्ञान टीम (वीटी) पुरस्कार : तीन या अधिक वैज्ञानिकों/शोधकर्ताओं/नवप्रवर्तकों की एक टीम को अधिकतम तीन पुरस्कार प्रदान किए जा सकते हैं, जिन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक टीम में काम करते हुए असाधारण योगदान दिया हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *