बच्चों को अंतर्राष्ट्रीय दौरे पर ले जाएगी हरियाणा सरकार – मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी

रोहतक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों से आए विद्यार्थियों को किया सम्मानित
सरकारी स्कूलों में 391 STEM लैब और 250 स्कूलों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित कीं
चंडीगढ़, 24 जुलाई: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने के लिए हरियाणा सरकार प्रतिभाशाली, संस्कारवान, ज्ञानवान और कुशल युवाओं की एक नई पीढ़ी तैयार कर रही है। इसी उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा शिक्षा में नवाचार (इनोवेशन), शोध और तकनीकी कुशलता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार ने एक ऐसी योजना तैयार की है, जिसके तहत विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय दौरे पर ले जाया जाएगा, ताकि उनका दृष्टिकोण और बौद्धिक विकास हो सके।

मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी गुरुवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU), रोहतक के राधाकृष्णन ऑडिटोरियम में आयोजित होनहार विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह में हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित 10वीं, 12वीं और ओलंपियाड में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का अर्थ सिर्फ एक डिग्री हासिल करना नहीं है। शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो एक युवा को इस योग्य बनाए कि वह नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि खुद रोजगार का सृजन करने में सक्षम बन सके। प्रदेश भर से आए होनहार विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि यह मंजिल नहीं, बल्कि लंबी यात्रा का एक पड़ाव है; अभी उन्हें और ऊंचाइयों को छूना है।

श्री नायाब सिंह सैनी ने कहा कि डिजिटल शिक्षा, ए.आई., रोबोटिक्स और इसरो (ISRO), डी.आर.डी.ओ. (DRDO) आदि की नई तकनीकें बच्चों को सिखाने के लिए सरकारी स्कूलों में 391 STEM लैब स्थापित की जा चुकी हैं। राज्य के 250 स्कूलों में ₹25 करोड़ की लागत से अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की जा रही हैं। प्रदेश में हर 10 किलोमीटर की दूरी पर सरकारी मॉडल संस्कृति स्कूल की स्थापना की गई है। आज राज्य में 468 पीएम श्री और मॉडल संस्कृति स्कूल चलाए जा रहे हैं। राज्य में 250 विशेष स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जिनमें हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि आज 103 सरकारी स्कूलों में ‘मिशन बुनियाद’ और ‘सुपर 100’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत आईआईटी, एनआईटी और आईआईएम में 277 विद्यार्थियों को दाखिला मिला है और 61 बच्चे मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया का वैश्वीकरण (ग्लोबलाइजेशन) तेजी से बढ़ रहा है, इसे ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार ने ‘विदेश सहयोग विभाग’ की स्थापना की है जिसके माध्यम से युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाया जा रहा है। इसके अलावा स्कूलों में विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिए जाने पर काम शुरू कर दिया गया है। सरकार ने 60 शिक्षकों को फ्रेंच भाषा का प्रशिक्षण दिलवाया है।

मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक सभी बच्चों को सम्मानित किया और उनके साथ मंच पर सेल्फी भी ली। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया, शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर धूपड़, वरिष्ठ अधिकारी उदय कुमार, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, सीएम के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे, रेनू डाबला आदि उपस्थित थे।

#Haryana #NayabSinghSaini #Education #HaryanaGovt #InternationalTour #Students #CMNayabSaini #HaryanaNews #SchoolEducation #STEM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *