किसानों की धान की फसल के एक एक दाने की होगी खरीद – मुख्यमंत्री

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धान की फसल की खरीद के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीजन में किसानों को किसी भी परेशानी और दिक्कत का सामना न करना पड़े। ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल को किसानों के लिए 21 से 27 सितंबर तक आवेदन के लिए खोला जा रहा है। जिन किसानों के सत्यापन (वेरिफिकेशन) का काम लंबित है, वे एसडीएम के पास अपना आवेदन जमा कराएं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को बाबैन मार्केट कमेटी कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में किसान, आढ़ती, व्यापारी, राइस मिलर और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ धान की फसल की खरीद के संबंध में चर्चा की। इस दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग और मंडी प्रशासन को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हाल ही में किसानों की फसल के सत्यापन और एमएफएमबी पोर्टल पर आवेदन न होने की जानकारी संज्ञान में आई थी, जिसे देखते हुए सरकार ने अधिकारियों को पोर्टल खोलने के निर्देश दिए हैं। अब 21 से 27 सितंबर तक पोर्टल चालू रहेगा, जहां किसान अपना आवेदन कर सकते हैं। जिन किसानों के आवेदन का सत्यापन लंबित है, वे अपने एसडीएम को लिखित में दें, ताकि उनका सत्यापन करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही किसानों के लिए नीतियां और योजनाएं लागू की हैं। राज्य के किसानों की सभी 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जा रहा है। सब्जियों की फसलों पर भावांतर भरपाई योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सालाना 6 हजार रुपये सीधे खातों में भेजे जा रहे हैं। किसानों की फसलों का बीमा किया जा रहा है। इसके साथ ही सब्सिडी पर कृषि उपकरण मुहैया कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर उपायुक्त (डिप्टी कमिश्नर) विश्राम कुमार मीणा, सरपंच संजीव गोल्डी, मार्केट कमेटी सचिव गुरमीत सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *