हरियाणा में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की पवित्र कलश यात्रा को गुरुग्राम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी जिलों के लिए रवाना किया।

संत गुरु रविदास जी की पवित्र कलश यात्रा सामाजिक समरसता का राष्ट्रीय अभियान, पूरी श्रद्धा के साथ हरियाणा की रहेगी सक्रिय भागीदारी – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

संत गुरु रविदास जी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक – श्री नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने कहा: हरियाणा सरकार समरसता और सामाजिक न्याय की भावना को कर रही है साकार

चंडीगढ़, 5 अगस्त: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर काशी के श्री गुरु रविदास जन्म स्थल, सीर गोवर्धनपुर (उत्तर प्रदेश) से शुरू हुई पवित्र कलश यात्रा सिर्फ एक धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव, समानता और राष्ट्रीय एकता का जन-आंदोलन है, जिसमें हरियाणा पूरी श्रद्धा, सक्रिय भागीदारी और जन-सहभागिता के साथ अपना योगदान देगा।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को गुरुग्राम में आयोजित विशाल समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे, जहां से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की पवित्र कलश यात्रा को हरियाणा के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के लिए औपचारिक रूप से रवाना किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्री शीतला माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने 30 जुलाई को कलश यात्रा के गुरुग्राम पहुंचने पर मंदिर परिसर में स्थापित पवित्र कलश को श्रद्धापूर्वक अपने सिर पर धारण करके यात्रा रवानगी स्थल तक पहुंचाया और वहां से कलश यात्रा को सभी 27 जिलों के प्रतिनिधियों को सौंपते हुए रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजन स्थल पर मौजूद संत समाज के प्रतिनिधियों को शॉल भेंट करके उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत तथा खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यप्रकाश जरावता, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, बवानी खेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, होडल के विधायक हरिंदर सिंह सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए गणमान्य लोग मौजूद थे।

गौरतलब है कि 29 जुलाई को वाराणसी से शुरू हुई यह पवित्र कलश यात्रा 30 जुलाई को गुरुग्राम पहुंची थी, जहां प्रदेश के विभिन्न कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, जन प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा करके यात्रा का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया था। गुरुग्राम शहर के मुख्य मार्गों से श्रद्धा और उत्साह के माहौल में गुजरने के बाद पवित्र कलश को श्री माता शीतला मंदिर में विधिवत स्थापित किया गया था।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कलश यात्रा की शुरुआत से पहले उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा आगामी 20 फरवरी 2027 तक देशभर में भ्रमण करके संत गुरु रविदास जी के समता, न्याय और मानवता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएगी। हरियाणा के सभी संगठनात्मक जिलों के माध्यम से यह पवित्र कलश गांव-गांव, शहर-शहर और घर-घर पहुंचेगा और समाज को जोड़ने का काम करेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गुरुग्राम की संत रविदास धर्मशालाओं के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

#GuruRavidasJi #KalashYatra #NayabSinghSaini #Haryana #Gurugram #SocialHarmony #NationalUnity #HaryanaGovernment #SantRavidas650thJayanti #SeerGoverdhanpur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *