विश्वविद्यालयों में शोध कार्यों के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट जारी
सरकार का लक्ष्य— युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें
सरकार स्कूलों में शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का कर रही विस्तार
चंडीगढ़, 22 जुलाई ( ):
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि युवाओं में अनुसंधान (रिसर्च) कार्यों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य के विश्वविद्यालयों के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ाने और उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करने के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इस प्रतियोगिता का अंतिम चरण लोकसभा में आयोजित होता है, जिसमें देश भर के प्रतिभागी हिस्सा लेते हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को पंचकुला के पिंजौर स्थित एप्पल मार्केट में आयोजित ‘युवा संवाद और किसानों व व्यापारियों के साथ संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और विधायक शक्ति रानी शर्मा भी मौजूद रहे।
इस दौरान महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय, करनाल की छात्रा सोनाक्षी द्वारा दिए गए सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘मिशन बुनियाद’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत राज्य के 103 स्कूलों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि इन स्कूलों के विद्यार्थियों को कुरुक्षेत्र स्थित ‘सुपर-100’ संस्थान में अतिरिक्त और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान की जा रही है।
इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और इन स्कूलों के छात्र आईआईटी-जेईई (IIT-JEE) जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करके देश के शीर्ष संस्थानों, जैसे आईआईटी खड़गपुर और आईआईटी रुड़की में दाखिला ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल ‘सुपर-100’ कार्यक्रम के तहत 400 विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाएं दीं, जिनमें से 271 का देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में दाखिला हुआ है। उन्होंने बताया कि इस मिशन के तहत की गई तैयारी के परिणामस्वरूप 61 विद्यार्थियों ने नीट (NEET) परीक्षा भी पास की है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इसी का परिणाम है कि आज युवाओं का चयन बिना पर्ची और बिना खर्ची के, पूरी तरह योग्यता और मेरिट के आधार पर एचसीएस (HCS) जैसे प्रतिष्ठित पदों पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में किए गए सुधारों के सार्थक और सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से सामने आ रहे हैं।
#NayabSinghSaini #HaryanaGovernment #YouthEmpowerment #HaryanaYouth #ResearchAndInnovation #SkillDevelopment #LeadershipSkills#MissionBuniyaad #Super100 #YouthParliament #HaryanaNews #EducationFirst#JobCreatorsNotSeekers #BinaParchiBinaKharchi #IITJEE #NEETSuccess #QualityEducation










Leave a Reply