हरियाणा के शिक्षण संस्थानों में भी सुरक्षित नहीं बेटियां : सुशील

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ़ सुशील गुप्ता ने शिक्षण संस्थानों में बेटियों की सुरक्षा को लेकर हरियाणा सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के राज में हरियाणा के शिक्षण संस्थानों में भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। हरियाणा में के शिक्षण संस्थानों से लगातार बेटियों के साथ उत्पीड़न के मामले आ रहे हैं। पहले जींद, फिर कैथल, इसके बाद सिरसा और अब रोहतक में छात्राओं ने ही साहस कर अपने साथ हो रहे शोषण को लेकर आवाज उठाई।

जारी बयान में उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि बेटियों की कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भी मुख्यमंत्री खट्टर और सत्ता पक्ष के नेता कहते हैं कि पिछली सरकारों में भी ऐसा हुआ, जबकि जिम्मेदारी के साथ दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि रोहतक जिले के एक गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल की छात्राओं की गुमनाम चिट्ठी ने सरकार के बेटी पढ़ाने और बेटी बचाने के दावों की पोल खोल दी है।

छात्राओं ने चिट्ठी के माध्यम से अध्यापकों व मैडम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसमें साफ बताया जा रहा है कि स्कूल का माहौल खराब किया जा रहा है। एेतराज करने पर छात्राओं को ही धमका कर चुप करा दिया जाता है और जब छात्राओं ने शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि ऐसा ही एक और मामला जींद में सामने आया था, जिसमें हार कर छात्राओं ने गुमनाम चिट्ठी के माध्यम से अपने खिलाफ हो रहे शोषण की आवाज उठाई थी। इसके बाद कैथल में भी ऐसा ही मामला सामने आया। जहां 100 से ज्यादा छात्राओं के साथ यौन शोषण हुआ था।

जहां पर प्रिंसिपल के राजनीतिक संपर्क होने की वजह से उस पर मामला दर्ज भी नहीं किया जा रहा था। जब बच्चियों ने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, गवर्नर और महिला आयोग को पत्र लिखा तो महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद एक एफआईआर दर्ज हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *