तीन हलकों पर एक समन्वयक होगा नियुक्त

कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों को रफ्तार देना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक होगी। बैठक में राष्ट्रीय महासचिवों, प्रदेशाध्यक्षों व कांग्रेस विधायक दल के नेताओं के अलावा लोकसभा क्षेत्रवार नियुक्ति किए गए काेऑर्डिनेटर को बुलाया है। इस बैठक में लोकसभा काेऑर्डिनेटर को ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि वे पार्टी की प्रक्रिया के अनुसार अपना काम शुरू कर सकें।

हरियाणा, पंजाब के अलावा उत्तरी भारत के कई राज्यों के नेताओं को इस बैठक में बुलाया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में यह बैठक होगी। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे। प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते चौ़ उदयभान तथा सीएलपी लीडर व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी बैठक में भाग ले सकते हैं। राष्ट्रीय महासचिव होने के नाते कुमारी सैलजा व रणदीप सिंह सुरजेवाला को भी बैठक में आमंत्रित किया है।

सैलजा उत्तराखंड की प्रभारी हैं और रणदीप सुरजेवाला कर्नाटक मामलों के इंचार्ज हैं। पिछले दिनों ही पार्टी ने कई राज्यों में लोकसभा क्षेत्रवार काेऑर्डिनेटर नियुक्त किए हैं। हरियाणा की दस लोकसभा सीटों के काेऑर्डिनेटर नियुक्त करने में हुड्डा खेमे की एकतरफा चली है। 10 में से 9 प्रभारी पूरी तरह से हुड्डा समर्थक हैं। वहीं एक प्रभारी के नाम की सिफारिश पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया द्वारा किए जाने की सूचना है। काेऑडिनेटर की इस बैठक में दीपक बाबरिया भी मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *