जनता के बढ़ते भरोसे की बदौलत प्रदेश में ट्रिपल इंजन सरकार: डॉ अरविंद शर्मा

चंडीगढ़, 12 मार्च- सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने शहरी निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनहितैषी नीतियों व जनता-जनार्दन के लगातार बढ़ रहे भरोसे को दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं द्वारा चुनाव क्षेत्र में जन-जन तक पार्टी नीतियों व संकल्प पत्र के माध्यम से बनाए माहौल से आज प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी है।

आज यहां निकाय चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए  सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि लोकसभा, विधानसभा चुनाव के बाद लगातार तीसरे चुनाव में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में निगम, परिषद, पालिका चुनाव के परिणाम यह दर्शा रहे हैं कि जनता का भरोसा केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर निरन्तर मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की अगुवाई में निकाय चुनाव में 10 में से 9 नगर निगमों में भाजपा के मेयर बनना व अधिकांश भाजपा पार्षद प्रत्याशियों की बड़े अंतर से जीत ने विरोधियों के हौंसले पस्त कर दिए हैं।

कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि इस चुनाव में दिल्ली की तरह कांग्रेस जीरो पर सिमट गई है। इससे स्पष्ट हो रहा कि जनता ने उनकी भ्रष्टाचार व घोटालों की नीतियों को करारा जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता द्वारा आमजन को ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने से उनके इलाके को मिलने वाले लाभ के बारे में जागरूक किए जाने से प्रदेश के हर कोने में भाजपा को बड़े अंतर से जीत मिली है। उन्होंने भरोसा दिया कि अब सभी निगमों व पालिकाओं में तिगुनी रफ्तार से विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *