पंचकूला के योजनाबद्ध विकास पर विशेष फोकस, शहर के बुनियादी ढांचे को मिलेगा नया विस्तार

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के योजनाबद्ध, सर्वांगीण और आधुनिक विकास को नई गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर की वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजनाओं को तेजी से अमलीजामा पहनाया जाए। उन्होंने पंचकूला में बेहतर नागरिक सुविधाओं, मजबूत बुनियादी ढांचे, सुचारू यातायात व्यवस्था, पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल, आधुनिक आवासीय सुविधाओं, विकसित बाजारों, हरित क्षेत्रों, बेहतर पार्कों, खेल एवं मनोरंजन सुविधाओं के साथ-साथ स्मार्ट सुरक्षा और निगरानी प्रणाली पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को चंडीगढ़ में पंचकूला में किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, पंचकूला के मेयर श्री श्याम लाल बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे विभाग अपनी जमीन की पहचान कर अतिक्रमण मुक्त कराएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय, एचएसवीपी, पीएमडीए, एचएसआईआईडीसी सहित सभी विभाग अपनी जमीन की पहचान कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराएं। इसके साथ ही अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि उस जमीन पर दोबारा कब्जा न हो। उन्होंने कहा कि सेक्टर 7, 11 और 17 की रेहड़ी मार्केट में पालिका बाजार चंडीगढ़ की तर्ज पर मार्केट विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके अलावा माजरी चौक पर लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए उसे री-डिजाइन करके अंडरपास बनाने का प्रस्ताव भी बनाया जाए ताकि भविष्य में जाम की कोई समस्या न आए।

पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 100 एमएलडी क्षमता बढ़ाने पर करें काम मुख्यमंत्री ने कहा कि खड़क मंगोली के लोगों को 7500 फ्लैट बनाकर देने की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू की जाएगी। पंचकूला के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए भाखड़ा से आने वाले पानी की क्षमता में 100 एमएलडी की वृद्धि करने पर काम किया जाए। इसके अलावा कालका में भी पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान करने पर काम किया जाए। उन्होंने कहा कि मोरनी क्षेत्र में बरसाती पानी को इकट्ठा करने के लिए बांध बनाया जाए, ताकि जल संरक्षण हो सके। इसके साथ ही कौशल्या बांध की क्षमता बढ़ाने का काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कालका में बहुमंजिला (मल्टी-स्टोरी) लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। कालका में गौशाला के पास 5 ट्यूबवेल लगाए जा रहे हैं। इनमें से दो लगाए जा चुके हैं और बाकी लगाने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में बेसहारा पशुओं के लिए दो गौशालाओं की पहचान कर उनमें पशुओं को भेजने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा पशुओं को खुला छोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मनसा देवी के आसपास बनाया जाएगा कॉरिडोर मुख्यमंत्री ने कहा कि मनसा देवी मंदिर के आसपास कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके लिए भी प्रस्ताव तैयार कर अमलीजामा पहनाया जाए। सकेतड़ी के पास 117 एकड़ जमीन पर ग्रीन बेल्ट के साथ गोल्फ क्लब और बॉटेनिकल पार्क बनाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके अलावा शहर की मुख्य सड़कों पर 5470 कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरों की निगरानी और विश्लेषण के लिए डायल 112 पुलिस भवन में कमांड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला नगर परिषद के साथ कालका और पिंजौर में सीसीटीवी कैमरे आदि लगाने के लिए 6 लाइनों वाली स्पेशल ऑप्टिकल वायर बिछाई जाए, ताकि वह भविष्य में अन्य कार्यों के लिए भी उपयोग में लाई जा सके। उन्होंने कहा कि कैमरों से वाहनों के ऑनलाइन चालान किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि साढ़े 9 एकड़ में बनने वाले शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसमें 10, 20 और 50 मीटर की विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं की फाइनल शूटिंग की जा सकेगी। रेंज का काम पूरा होने के बाद इसमें हॉस्टल का निर्माण भी करवाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टाउन पार्क से सिंह नाला चो को पक्का करने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर 20/21 और बेल फैक्टरी परशुराम चौक तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन को मजबूत किया जा रहा है। शहर के सभी चौकों के सौंदर्यीकरण पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सर्विस रोड के साथ घास की कटाई करके सफाई करने के निर्देश दिए। पंचकूला में दो एसटीपी 6-6 एमएलडी और एक 10 एमएलडी क्षमता सहित तीन एसटीपी बनाए जा रहे हैं। लेज़र वैली पार्क का एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। अटल पार्क का निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।

नागरिकों की 183 शिकायतों में से 162 समस्याओं का समाधान पीएमडीए के सीईओ तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि अब तक नागरिकों की 183 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 162 समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। सर्विस रोड को ठीक करने के लिए एस्टीमेट बना दिए गए हैं। इसके अलावा सड़कों के किनारे रंग-रोगन करके सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र फेज 1, 2 में सड़कों की मरम्मत का काम 16.80 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। बैठक में आयुक्त एवं सचिव यूएलबी श्री अशोक मीणा, एचएसवीपी के प्रशासक एवं मुख्यमंत्री के उप मुख्य सचिव श्री अजय कुमार, ओएसडी श्री पंकज नैन, उपायुक्त पंचकूला श्री सतपाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पीएमडीए के अधिकारी उपस्थित थे।

#Panchkula #PanchkulaDevelopment #Haryana #CMNayabSaini #Infrastructure #SmartCity #MansaDeviCorridor #HaryanaNews #UrbanDevelopment #Kalka #Pinjore #PanchkulaNews #HaryanaGovernment #PanchkulaSmartCity #CivicAmenities

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *