*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कलाल माजरा और छपरा पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों से की मुलाकात*

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पिंडारसी हादसे में जान गंवाने वाले गांव कलाल माजरा के निवासियों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री शुक्रवार देर सायं गांव कलाल माजरा पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि पिंडारसी में हुआ हादसा अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। अपनों को खोने की पीड़ा अपूरणीय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

उन्होंने बताया कि हादसे में मृत प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों के खातों में 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि भेज दी गई है। घायलों के उपचार के लिए भी सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री लाडवा के गांव छपरा निवासी स्वर्गीय जसवंत सिंह के निवास पर पहुंचे और उनके परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।

क्रमांक -2026
***********

*किसानों के हितों को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर, अनाज मंडी में आने वाले एक-एक दाने की होगी खरीद: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

*मुख्यमंत्री ने किया लाडवा अनाज मंडी का निरीक्षण, धान में नमी की मात्रा की स्वयं मशीन के जरिए की जांच, किसानों व आढ़तियों की सुनी समस्याएं*

चंडीगढ़,2 अक्तूबर -हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को लेकर गंभीर है और धान खरीद के दौरान किसी किसान को अनावश्यक परेशानी नहीं आने दी जाएगी। अनाज मंडी में आने वाली किसान की धान की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। सरकार के मंत्री, विधायक और वह स्वयं मंडियों का निरीक्षण कर रहे हैं। सभी जिला उपायुक्त को खरीद व्यवस्था पर बारीकी से नजर रखने के दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके साथ-साथ प्रत्येक मंडी में एक-एक उच्च अधिकारी की ड्यूटी नोडल अधिकारी के रूप में लगाई गई है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार सायं अचानक कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा अनाज मंडी में पहुंचकर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में पहुंची धान की फसल की नमी की जांच की तथा किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली। किसानों और आढ़तियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष धान की खरीद सुचारु करवाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने किसानों से निर्धारित 17 प्रतिशत नमी के मानक वाली धान की फसल मंडी में लाने की अपील की। इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, एसडीएम राजेश कुमार सोनी, नगर पालिका की चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मार्केट कमेटी के चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त, सचिव संत कुमार सैनी, मंडी प्रधान राजीव कुमार आर्य सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।

#VishramKumarMeena #KailashSaini #Kurukshetra #HaryanaGovt #LatestHaryanaNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *