मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिवार सहित किए बांके बिहारी के दर्शन।

ब्रज की पावन धरा वृंदावन में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री कृष्ण कृपा धाम में रखी पहली मंजिल की आधारशिला

चंडीगढ़, 5 अगस्त: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार देर शाम अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी, पुत्र अनिकेत और पुत्री वंशिका के साथ उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित विश्व-विख्यात श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ठाकुर श्री बांके बिहारी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

उन्होंने कहा कि यह मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे आज यहां वृंदावन की पावन धरा पर श्री बांके बिहारी लाल सहित राधा वल्लभ लाल जी एवं अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने यहां अनेक लीलाएं रची हैं और यहां का कण-कण पवित्र है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण हरियाणा प्रदेश की पवित्र धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में यहीं से परिवार सहित गए थे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी निर्धारित क्रमानुसार वृंदावन पहुंचे, जहां मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के चरणों में प्रदेश के सर्वांगीण विकास, किसानों की समृद्धि, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और देश की उन्नति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिवार सहित श्री राधा वल्लभ लाल जी मंदिर और श्री कृपा धाम पहुंचकर भगवान के दर्शन किए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी धर्मपत्नी सुमन सैनी, पुत्र और पुत्री के साथ मंदिर परिसर में कुछ समय रुके और श्रद्धा एवं भक्ति भाव से ठाकुर जी के दर्शन किए। इस अवसर पर मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मुलाकात की और धार्मिक आस्था के इस पावन अवसर को साझा किया।

वृंदावन की रज भक्तों के लिए चंदन के समान: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृंदावन की पावन भूमि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। श्री बांके बिहारी जी के दर्शन से आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। वृंदावन की रज भक्तों के लिए चंदन के समान है। यह केवल वृंदावन नहीं, बल्कि वह पावन भूमि है जहां प्रेम का परमात्मा से पूर्ण मिलन हुआ। यही वह धरा है जहां भगवान श्री कृष्ण ने अपने बाल्यकाल की लीलाएं कीं, माखन चोरी की, कालिया नाग का मर्दन किया और गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों की रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस पावन भूमि पर आना उनका परम सौभाग्य है। यहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु अपने भीतर ईश्वर की अनुभूति करता है। आज उन्हें भी इस पवित्र धारा पर आने का अवसर मिला, जो उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। इसके लिए उन्होंने गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री कृष्ण कृपा धाम में रखी पहली मंजिल की आधारशिला

मुख्यमंत्री ने यहां प्रस्तावित सत्संग एवं आवासीय परिसर की पहली मंजिल की आधारशिला रखने पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इससे यहां आने वाले भक्तों को काफी सुविधा और लाभ मिलेगा। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण और राधारानी से प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ईश्वर से यही प्रार्थना है कि हरियाणा निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे, प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहे और समाज में भाईचारा एवं सद्भाव और अधिक मजबूत हो।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वृंदावन स्थित श्री कृष्ण कृपा धाम पहुंचकर प्रस्तावित सत्संग एवं आवासीय परिसर की पहली मंजिल के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यह निर्माण कार्य गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज के आशीर्वाद से कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आधारशिला रखकर परिसर के विकास के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों में संस्थान की भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस यात्रा के दौरान उनके साथ हरियाणा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर, हरियाणा भाजपा संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

#NayabSinghSaini #BankeBihari #Vrindavan #HaryanaCM #BankeBihariMandir #VrindavanDham #HaryanaGovernment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *