सूरजकुंड मेले में बनारस के स्पेशल मीठे पान का स्वाद चख रहे हैं सैलानी

चंडीगढ़, 14 फरवरी- सूरजकुंड की सुंदर वादियों में आयोजित किए जा रहे 37वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला में बनारस का मशहूर मीठा पान अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। मेला परिसर में अलग-अलग 10 स्थानों पर स्पेशल बनारसी बाबू पान का स्टाल लगाए गए हैं, जहां पर बनारस से आए शुभम और उनके भाई विनोद पांडे पर्यटकों को बिना कत्था, बिना चूना और बिना सुपारी का मीठा पान का स्वाद चखा रहे हैं। शुभम व विनोद कुमार अपने पिता जमना प्रसाद पांडे के पान के  पुश्तैनी कार्य को आगे बढा रहे हैं।
विनोद पांडे ने बताया कि वे विभिन्न 20 प्रकार के पान बनाते हैं। इन सभी पान की खासियत है कि ये पूरी तरह से ऑर्गेनिक हैं और तंबाकू फ्री भी हैं। मुंह में डालकर चबाते ही पान पूरी तरह घुल जाता है। विनोद पांडे पिछले 8 वर्षों से सूरजकुंड मेला में लोगों को अपने पान का स्वाद चखाते आ रहे हैं। उनका कहना है कि वे सूरजकुंड मेला के अलावा ऑल इंडिया पर्यटन के कार्यक्रमों में भी शामिल होते हैं। गुरुग्राम के सूरजगढ़ रंगमंच और विशालगढ़ में उनके पान का स्थाई स्टॉल स्थापित है।

मशहूर गायक कुमार सानू, अभिनेता राजकुमार राव, गायक गुरु रंधावा, कनिका कपूर, एमसी स्क्वायर जैसे सेलिब्रिटी ने उनके पान का स्वाद चख रखा है।

विनोद पांडे को एक पान बनाने में करीब 3 से 4 मिनट का समय लगता है। उनके पास स्पेशल बनारसी बाबू पान में फायर पान, मीठा पान, चॉकलेट कोटिड पान, स्मोक पान, मैंगो पान, वाटर मैलन पान, घुंडी पान, चुस्की पान जैसे करीब 20 प्रकार के पान मेले में पर्यटकों की पसंद अनुसार बनाकर देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *