मेहनत, योग्यता और प्रतिभा ही सरकारी नौकरी का आधार – नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में ग्रुप-डी के नवनिर्वाचित कर्मचारियों के लिए आयोजित परिचय कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में किया संबोधित
ग्रुप-डी के 3,586 नवनिर्वाचित कर्मचारियों को दी बधाई, 6 युवाओं को सौंपे प्रतीकात्मक नियुक्ति पत्र
सरकारी कर्मचारी गुड गवर्नेंस की डिलीवरी टीम, जनसेवा को दें सर्वोच्च प्राथमिकता – मुख्यमंत्री
परीक्षा और भर्ती की पवित्रता के साथ कोई समझौता नहीं – नायब सिंह सैनी
पंचकूला, 1 Aug: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने राज्य में वर्षों से चली आ रही भर्ती प्रणाली में व्यापक सुधार किए हैं। इसका परिणाम यह है कि आज युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के उनकी मेहनत, योग्यता और प्रतिभा के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य में न पर्ची चलेगी, न खर्ची चलेगी, सिर्फ मैरिट के आधार पर ही भर्ती होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2024 के विधानसभा चुनावों के दौरान संकल्प पत्र में राज्य के 2 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया था। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले डेढ़ साल में 42,500 युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के साढ़े 11 साल के कार्यकाल में लगभग 2 लाख युवाओं को पूरी पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में ग्रुप-डी के नवनिर्वाचित कर्मचारियों के लिए आयोजित परिचय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को आज गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बधाई व शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्रुप-डी के नवनिर्वाचित 6 कर्मचारियों को प्रतीक के रूप में नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति-पत्र आपकी मेहनत का सम्मान और आपके माता-पिता की तपस्या का परिणाम तथा ईमानदार प्रणाली में आपके विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि वह मेहनत और प्रतिभा के बल पर सरकारी नौकरी प्राप्त करने वाले सभी 3 हजार 586 युवाओं को बधाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय था, जब हरियाणा में सरकारी नौकरी का नाम आते ही आम परिवार चिंता में पड़ जाता था। नौकरियों पर कुछ परिवारों, कुछ क्षेत्रों और सत्ता से जुड़े कुछ लोगों का कथित अधिकार समझ लिया गया था। योग्यता पीछे रह जाती थी और पर्ची, खर्ची, परिवारवाद व क्षेत्रवाद का बोलबाला था। उस प्रणाली ने केवल युवाओं से उनके अवसर नहीं छीने, बल्कि उनके माता-पिता का भरोसा तोड़ा और हरियाणा की प्रतिभा का अपमान किया। इसके विपरीत हमने सत्ता संभालते ही स्पष्ट कर दिया था कि अब हरियाणा के किसी भी युवा का भविष्य किसी नेता की जेब में रखी पर्ची तय नहीं करेगी, बल्कि उसका भविष्य उसकी मेहनत, उसकी योग्यता और उसकी प्रतिभा तय करेगी। आज सरकारी नौकरियां केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राज्य के हर क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के समान अवसर मिल रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप युवाओं का भरोसा सरकार पर और बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित कर्मचारियों से सीधी बातचीत करते हुए कहा कि आप ग्रुप-डी के कर्मचारी नहीं, बल्कि गुड गवर्नेंस (सुशासन) की डिलीवरी टीम हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी होने के साथ-साथ लोक सेवा का कर्तव्य भी है। इसलिए आप कोई भी फैसला लेते समय सबसे गरीब और कमजोर व्यक्ति के बारे में सोचें कि आपके फैसले से उसके जीवन में क्या बदलाव आएगा। यह विचार केवल बड़े नीति-निर्माताओं के लिए नहीं, बल्कि प्रत्येक सरकारी कर्मचारी के लिए मार्गदर्शक मंत्र है। उन्होंने उपस्थित सभी कर्मचारियों से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को ध्यान से सुनेंगे, उनका सम्मान करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें बार-बार कार्यालय न आना पड़े। उन्होंने कहा कि नियम जनता की सहायता के लिए हैं, उन्हें परेशान करने के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि जिस तरह आपने बिना पर्ची-बिना खर्ची के सेवा में प्रवेश किया है, उसी तरह आप प्रणाली को भी ईमानदार बनाए रखेंगे।
उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज सब भली-भांति जानते हैं कि पहले की सरकारों में कैसे ठेकेदारों के हाथों युवाओं का शोषण होता था। हमने युवाओं के इस दर्द को समझा और उन्हें शोषण से बचाने के लिए न केवल निगम बनाया, बल्कि कानून बनाकर उनके भविष्य को भी सुरक्षित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को विदेशों में शिक्षा और रोजगार दिलाने के लिए विदेश सहयोग विभाग बनाया गया है, जिसके माध्यम से हरियाणा के 210 युवाओं को दुबई भेजा गया है। 390 युवाओं को दो चरणों में इजराइल भेजा जा चुका है। इसी तरह युवाओं को जापान, ओमान, जर्मनी और कनाडा जैसे देशों में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को डंकी रूट से बचाने और गैर-कानूनी एजेंटों के खेल को खत्म करने के लिए सख्त कानून बनाया गया है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार के लिए परीक्षा और भर्ती की पवित्रता केवल प्रशासनिक विषय नहीं, युवाओं के भविष्य और विश्वास का प्रश्न है। नीट-यूजी परीक्षा में अनियमितताओं के आरोप सामने आने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने मामले को दबाया नहीं, बल्कि इसकी व्यापक जांच करवाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए विशेषज्ञों की उच्च-स्तरीय समिति गठित की गई और राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा-सुधार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। लोक परीक्षा अधिनियम के माध्यम से संगठित परीक्षा अपराध करने वालों के लिए 10 साल तक की कैद और कम से कम 10 करोड़ रुपये के जुर्माने जैसे सख्त प्रावधान किए जा रहे हैं। पेपर लीक से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे और दोषियों को जल्द सख्त सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संदेश बिल्कुल साफ है, मेहनती छात्र की उत्तर-पुस्तिका पर किसी माफिया का हाथ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने दिल्ली में हुए प्रदर्शन पर विरोधियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्ष युवाओं को गुमराह करके गलत रास्ते पर ले जाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और सहयोगी दल किस प्रकार से युवाओं का शोषण करते आए हैं, उसकी उदाहरण हरियाणा भी है और पंजाब भी। उन्होंने कहा कि वर्तमान की पंजाब सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
इससे पहले संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने कहा कि वह हरियाणा सरकार के परिवार में शामिल होने पर उपस्थित ग्रुप-डी के सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई देते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया न केवल आपकी योग्यता की पुष्टि करती है, बल्कि निष्पक्ष, पारदर्शी और मैरिट आधारित भर्ती के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी स्पष्ट रूप से दर्शाती है। उन्होंने उम्मीदवारों से आह्वान किया कि वे जिस भी पद पर काम करें, अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवाभाव से करें।
धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए मानव संसाधन विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री पी.सी. मीणा ने नव-नियुक्त ग्रुप-डी कर्मचारियों का मार्गदर्शन करने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के विचार सभी कर्मचारियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना से काम करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज का यह कार्यक्रम केवल नियुक्ति पत्र प्रदान करने का ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार की पारदर्शी, निष्पक्ष और मैरिट आधारित भर्ती प्रणाली के प्रति जनता का अटूट विश्वास है। श्री मीणा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी कर्मचारी जनसेवा को प्राथमिकता देंगे और हरियाणा की प्रगति में योगदान देंगे।
इस अवसर पर मानव संसाधन विभाग के निदेशक मोहम्मद इमरान रज़ा, मेयर श्री श्याम लाल बंसल, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश देवीनगर, ज़िला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल, मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी (शिकायत निवारण) श्री भोपाल सिंह खदरी, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पुलिस आयुक्त अदिति सिंह, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण अत्रे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, कर्मचारी और अभिभावक मौजूद थे।
#NayabSinghSaini #Haryana #HaryanaGovernment #GoodGovernance #Transparancy #HaryanaJobs #NoKharchiNoParchi #GroupDJobs #Panchkula #MeritBasedSelection #JobTransparency #HaryanaNews #JobCreation








Leave a Reply