‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर राज्यपाल ने जे.सी. बोस विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से किया संवाद

चंडीगढ़, 12 जनवरी – हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने आज राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं से आह्वान किया कि वे अपना जीवन समाज के प्रति समर्पित करें और वंचित लोगों के उत्थान के लिए कार्य करें। इस तरह युवा स्वामी विवेकानंद के जीवन आदर्शों को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देने में सक्षम बनेंगे, जो कि विवेकानंद को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय आज स्वामी विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद द्वारा आयोजित ‘युवा संवाद-2024’ कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। कार्यक्रम में हरियाणा के उच्च शिक्षा मंत्री श्री मूलचंद शर्मा विशिष्ट अतिथि थे। कार्यक्रम में फरीदाबाद से विधायक श्री नरेन्द्र गुप्ता, कुलसचिव डा मेहा शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. मुनीश वशिष्ठ, विश्वविद्यालय की एलुमनाई एसोसिएशन वाईएमसीए मोब के अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह भी उपस्थित थे।

विश्व में भारतीय संस्कृति को स्थापित करने स्वामी विवेकानंद के आदर्श विचारों की तुलना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से करते हुए राज्यपाल श्री दत्तात्रेय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की भांति श्री मोदी ने भी देशभर में पहचान दिलाने का काम किया है। उनका सपना है कि देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत बने। अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों के अनुमानों का हवाला देते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2050 तक भारत के 30 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का अनुमान है। इसलिए, युवाओं को विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना योगदान देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *