भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा भारतीय संस्कृति, समरसता और सेवा का जीवंत प्रतीक: मुख्यमंत्री

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के राजपुरा में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा में की शिरकत

चंडीगढ़, 23 जुलाई -(प्रेस की ताकत)
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा और मानवता के कल्याण का जीवंत संदेश है। यह यात्रा हमें प्यार, सेवा, समानता और राष्ट्र की एकता का मार्ग दिखाती है तथा समाज को जोड़ने का काम करती है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज पंजाब के राजपुरा में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और श्रद्धालुओं को बधाई तथा शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींची और झाड़ू लगाकर मौजूद संगत को स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र जी और माता सुभद्रा के चरणों में शीश नवाते हुए कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ पूरी मानवता के नाथ हैं। उनके दरबार में किसी भी प्रकार का ऊंच-नीच, जाति, वर्ग या अमीरी-गरीबी का भेद नहीं होता। रथ यात्रा का सबसे बड़ा संदेश यही है कि ईश्वर के सामने सभी समान हैं और प्यार, सेवा तथा समर्पण ही सच्ची भक्ति का आधार हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की हजारों साल पुरानी रथ यात्रा भारत की सांस्कृतिक विरासत का गौरवमयी प्रतीक है। इस यात्रा में हजारों लोग मिलकर रथ की रस्सी खींचते हैं, जहां किसी की जाति, भाषा या सामाजिक स्थिति नहीं पूछी जाती। यही हमारी सनातन संस्कृति और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना का सजीव स्वरूप है।

उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति ने हमेशा ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश दिया है। आज जब विश्व विभाजन, हिंसा और संघर्ष जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा प्यार, सेवा, भाईचारे और एकता का संदेश देकर पूरी मानवता को नई दिशा प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर इस्कॉन (ISKCON) संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था पिछले दो दशकों से संस्कार, गौ-सेवा, गीता प्रचार, अन्नदान, युवा जागरण और मानव सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव का अभियान चला रही है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को इस महान कार्य के लिए बधाई दी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

#LordJagannath #RathYatra #IndianCulture #SocialHarmony #ServiceToHumanity #CultureAndTradition #NaibSinghSaini #HaryanaCM #UnityInDiversity #EkBharatShreshthaBharat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *