हरियाणा सब मिलकर बनायें भारत को विकसित राष्ट्र : डा. पुष्पा तायल

जिले के शहरी क्षेत्र में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा सोमवार को जुलाना के बड़ा पार्क में पहुंची। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों पर ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आमजन की परिवार पहचान-पत्र, बुढ़ापा पेंशन, राशन कार्ड आदि समस्याओं का भी निराकरण किया गया। नगरपालिका सचिव अशोक दांगी ने नागरिकों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपालिका सचिव अशोक दांगी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार समाज के गरीब, महिला, किसान व युवा उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष डा. पुष्पा तायल ने कहा कि कोई भी कार्य लोगों के सहयोग के बिना पूरा नहीं होता, इसलिये हम सबको मिलकर अपने भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करना है। डा. पुष्पा तायल ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है कि जिन्हें योजना का लाभ किसी कारणवश नहीं मिला तो उनका मौके पर ही फार्म भरवाकर उन्हें योजना का लाभ दिलवाना सुनिश्चित करवाना है। सोनीपत लोकसभा सांसद के प्रतिनिधि धर्मेन्द्र शर्मा ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत जिस व्यक्ति की आय 1.80 लाख से कम है, उनका आयुष्मान कार्ड बनाने का काम किया गया है। इस मौके पर भाजपा के जुलाना मण्डल अध्यक्ष सतीश सांगवान, भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के विकास ब्राह्मणवास, जिला कल्याण अधिकारी नरेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *