स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनायें- कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली टोहाना के गांव बोस्ती में मिशन ‘मेरा गांव मेरी गली – मैं भी संवारूं’ अभियान की शुरुआत

चंडीगढ़, 5 जनवरी – हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री देवेंद्र सिंह बबली ने  नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने गांव और आसपास स्वच्छता रखें और लोगों को इसके बारे जागरूक करें। कैबिनेट मंत्री ने आज टोहाना के गांव बोस्ती में ग्राम पंचायत सरपंच  सुखविंदर सिंह सुखा द्वारा चलाए गए मिशन ‘मेरा गांव मेरी गली – मैं भी संवारूं’ अभियान में हिस्सा लेकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। विकास एवं पंचायत मंत्री श्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि समाज को स्वच्छ रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। हमें प्रण लेना चाहिए की घर में शौचालय का उचित प्रबंध करें ताकि खुले में शौच की प्रवृति को खत्म किया जा सके। सभी सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे इस अभियान में समाज के हर तबके को साथ लेकर इस स्वच्छता अभियान को सफल बनाएं। जब हमारे आसपास का वातावरण स्वच्छ होगा तो ही हम स्वस्थ होंगे। हमें अपनी सोच में परिवर्तन लाना होगा ताकि स्वच्छ समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि हम सभी के जीवन में स्वच्छता का बहुत महत्व है, इसे न सिर्फ हम अपनाएं बल्कि अपने आस-पास के लोगों को भी प्रेरित करें। घर के साथ – साथ विद्यालय, कार्यालय, सार्वजनिक स्थल, गली, सड़क, गांव- मोहल्ले, नदी-नाले की सफाई के प्रति जागरूक हों और सफाई रखें।

विकास एवं पंचायत मंत्री श्री देवेंद्र सिंह बबली ने गांव सनियाना के राजकीय संस्कृति मॉडल प्राथमिक पाठशाला में सर्व शिक्षा अभियान के तहत 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो कमरों का शिलान्यास किया। उन्होंने एचजीवीवाई स्कीम के तहत गर्ल्स स्कूल में 49 लाख 30 हजार रुपये से बनाए गए मीटिंग हॉल व शैड का भी उद्घाटन किया। श्री बबली ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोगों का सहयोग लेकर क्षेत्र का विकास ही उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जनता के हित ही उनके लिए सर्वोपरि है।

श्री बबली ने कहा कि वे स्वतंत्रता सेनानी परिवार से संबंध रखते हैं, उनके दादा कैप्टन उमराव सिंह नेता जी सुभाष चंद्र बोस की सेना में रहे हैं। उनकी प्रेरणा से वे सामाजिक कार्य करते रहे हैं। सामाजिक कार्यों और नागरिकों के बीच सेवा करने के नाते टोहाना की जनता ने उनको अपना प्रतिनिधि चुना है। वे जनता की सेवा में इसी तरह काम करते रहेंगे और सभी को अपने साथ लेकर चलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *