चण्डीगढ़, 5 जनवरी- हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा ने कहा कि जरूरतमंद एवं गरीब पात्र व्यक्ति तक केन्द्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा अहम साबित हो रही है। यात्रा के तहत गांवों में हजारों लोगों ने योजनाओं का लाभ एवं जानकारी प्राप्त की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी वैन योजनाओं से पात्र वंचितों के जीवन में खुशहाली ला रही है।
श्रीमती कमलेश ढांडा आज राजौंद खंड के गांव मंडवाल में पहुंची विकसित भारत संकल्प एवं जन संवाद यात्रा के कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रही थी।
श्रीमती ढांडा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए स्टॉल का अवलोकन किया और मौके पर ही उपस्थित ग्रामीणों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई तथा योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को लाभ व जानकारी प्रदान की। राज्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की ओर से पात्र नागरिकों को लाभ देने के लिए ही योजनाओं की शुरूआत की जाती है। ऐसे में प्रत्येक पात्र व्यक्ति का हक है कि उसे योजनाओं का लाभ मिले।
राज्यमंत्री ने कहा कि पात्र लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रत्येक गांव में विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंच रही है और लोगों की समस्याओं की समाधान भी मौके पर किया जा रहा है। इस दौरान हजारों लोगों को केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाया जा रहा है। किसी का परिवार पहचान पत्र ठीक किया गया है तो किसी को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध करवाया गया है। इस दौरान हजारों लोगों के स्वास्थ्य की जांच भी हुई है।










Leave a Reply