चण्डीगढ़, 26 फरवरी(म्हारा हरियाणा डेस्क): अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के रेलवे स्टेशनों का व्यापक कायाकल्प करते हुए उन्हें आधुनिक टच दिया जा रहा है। अमृत काल की इस विकास यात्रा में अब गुरूग्राम रेलवे स्टेशन का नाम भी जुड़ गया है। योजना के तहत गुरूग्राम रेलवे स्टेशन का करीब 300 करोड़ की लागत से कायाकल्प होने जा रहा है। स्टेशन बिल्डिंग के डिजाइन में स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला की झलक व रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सार्वभौमिक पहुँच सुनिश्चित कर उन्हें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सोमवार को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश के 554 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास व 1500 रोड ओवरब्रिज व अंडरपास सहित गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास के तहत किए जाने वाले विकास कार्यों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह व गुरूग्राम के विधायक सुधीर सिंगला उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अमृत भारत स्टेशन योजना के राष्ट्रीय समारोह से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का वर्चुअली प्रसारण भी किया गया था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री एवं गुरूग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि पिछले 10 वर्षो से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में रेलवे विकास को नई गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में यह प्रथा रही थी कि रेलवे का अधिकतम बजट रेल मंत्री के क्षेत्र अथवा उनके राज्यों में खर्च होता था। जिससे हरियाणा जैसे राज्य अछूते रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस सोच को बदलते हुए देश मे रेलवे के विकास को समान रूप से आगे बढ़ाया है। आज हरियाणा में 20 हजार करोड़ रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। वहीं केंद्र सरकार के टेंपरेरी बजट में भी रेल विकास के लिए 2 हजार 750 करोड़ का तोहफा हरियाणा राज्य को मिला है। उन्होंने कहा की केंद्र सरकार ने एक नई पहल करते हुए रेलवे बजट को फाइनेंस डिपार्टमेंट के साथ जोड़ा है। आज देश में दुगनी गति से नए रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं पुराने रेलवे स्टेशनों का भी कायाकल्प करते हुए उनसे आधुनिक रूप दिया जा रहा है।










Leave a Reply