प्रधानमंत्री के दूरदर्शी विजन व देशवासियों के संकल्प से 2047 तक भारत विकसित देशों की श्रेणी में होगा शामिल – विधायक मोहनलाल बड़ौली

विधायक बड़ौली ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत गांव ताजपुर तथा टिकौला में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम का किया शुभारंभ

लाभार्थियों को एक ही स्थान पर मिल रहा सरकार की योजनाओं व सेवाओं का लाभ

चंडीगढ़, 16 जनवरी – हरियाणा के विधायक श्री मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन एवं देशवासियों के संकल्प से वर्ष 2047 तक भारत पूरी तरह आत्मनिर्भर होकर विकसित देशों की श्रेणी में शामिल होगा।  विधायक श्री मोहनलाल बड़ौली ने मंगलवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत जिला सोनीपत के गांव ताजपुर तथा टिकौला में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि जो भी व्यक्ति केंद्र सरकार की योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उन तक ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ के माध्यम से योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। मोदी की ‘गारंटी’ वैन देशभर में घूम-घूम कर गरीबों व वंचितों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित कर रही है। सरकार का लक्ष्य देश की आजादी के शताब्दी वर्ष में भारत को ‘आत्मनिर्भर और विकसित’ राष्ट्र बनाने का है।

विधायक ने ‘विकसित भारत-जनसंवाद-संकल्प यात्रा‘ के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन हुए नागरिकों से आह्वान किया कि वे ‘विकसित भारत-जनसंवाद-संकल्प यात्रा‘ में पहुंच कर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और लाभ उठाएं। उन्होंने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा-जनसंवाद’ से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारियों से सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान लाभार्थियों व आम नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर आधारित ब्रॉशर, कलेंडर सहित अन्य प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नागरिकों को आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने का संकल्प दिलाया।

विधायक श्री मोहनलाल बड़ौली ने ‘विकसित भारत-जनसंवाद-संकल्प यात्रा‘ के दौरान ग्रामीणों से जनसंवाद करते हुए उनकी परिवार पहचान पत्र, वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य शिकायतें व समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही शिकायतों व समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *