परिवार पहचान पत्र से प्रदेशवासियों को घर द्वार पर ही मिल रहा योजनाओं का लाभ

 गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर ‘मेरा परिवार-मेरी पहचान’ थीम पर हरियाणा की झांकी प्रदर्शित की जाएगी। कर्तव्य पथ पर प्रदर्शन के लिए तीसरी बार हरियाणा की झांकी का चयन रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ कमेटी द्वारा किया गया है। हरियाणा ऑनलाइन सेवाओं के लिए पहले ही देश भर में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के महानिदेशक श्री मंदीप सिंह बराड़ ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में बताया कि ‘मेरा परिवार-मेरी पहचान” कार्यक्रम की शुरुआत आम जन को घर द्वार पर सरकारी सुविधाएं व सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल इनोवेटिव सोच के साथ प्रदेश में अनूठी योजनाएं लागू कर हरियाणा को विकास की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। हरियाणा की कई योजनाओं का दूसरे राज्य भी अब अनुसरण कर रहे हैं और केन्द्र सरकार ने भी अपनाया है। इस बार की हरियाणा की झांकी भारत सरकार के थीम – ‘विकसित भारत’ के साथ सटीक बैठती है, जिसमें विरासत और विकास का सामंजस्य दिखाई देगा।

उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्रालय की गठित विशेषज्ञ कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों व मंत्रालयों की झांकियों के चयन की प्रक्रिया नवंबर माह में शुरू की जाती है जिसमें सभी राज्य, केंद्र शासित प्रदेश व मंत्रालय अपनी-अपनी थीम पर झांकी संबंधित जानकारी विशेषज्ञ कमेटी के समक्ष रखते हैं। विशेषज्ञ कमेटी प्रासंगिकता और केन्द्र सरकार द्वारा सुझाए गए थीम के आधार पर झांकियों का चयन करती है।
महानिदेशक श्री बराड़ ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि लगातार तीसरी बार हरियाणा की झांकी गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बन रही है। गत वर्ष गणतंत्र दिवस पर हरियाणा ने ‘अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव’ थीम पर भगवान श्री कृष्ण के विराट स्वरूप को लेकर झांकी प्रदर्शित की थी। इससे पहले, हरियाणा खेलों में अपनी उपलब्धियों को दर्शाते हुए ‘खेलों में नंबर वन हरियाणा’ थीम पर अपनी झांकी प्रदर्शित कर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *