संत गुरु रविदास जी का समरसता संदेश आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत: मुख्यमंत्री
650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर 20 फरवरी 2027 तक चलेगा ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय समिति की पहली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गुरु रविदास जी के विचारों को घर-घर पहुंचाएगी हरियाणा सरकार: नायब सिंह सैनी
महापुरुषों के आदर्शों से नई पीढ़ी को जोड़ना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 8 अगस्त:
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत-महापुरुषों की शिक्षाएं किसी एक समाज तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज द्वारा सदियों पहले दिया गया समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक और प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया है। यह अभियान 20 फरवरी, 2027 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंचकूला में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर कार्यक्रमों के लिए गठित राज्य स्तरीय समिति की पहली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत कई चरणों में कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा ताकि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं और वाणी को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व मनाने का सौभाग्य मिला है। संत श्री गुरु रविदास जी ने न केवल उस समय समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने का बीड़ा उठाया, बल्कि समाज को नई दिशा देने का काम भी किया। हरियाणा सरकार द्वारा युवा पीढ़ी को महापुरुषों की शिक्षाओं से अवगत कराने के लिए ‘संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रचार-प्रसार योजना’ शुरू की गई है। इस योजना के तहत महापुरुषों की जयंतियों को सरकारी स्तर पर मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत 29 जुलाई को संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से हुई, जहाँ पवित्र मिट्टी युक्त कलशों का पूजन करके उन्हें देश भर के राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। इसके बाद ये कलश राज्य, जिला और गाँव स्तर तक पहुँचाए जा रहे हैं, जहाँ श्रद्धालु जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी का स्थानीय मंदिरों की मिट्टी में विधिवत समावेश करके सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुँचा रहे हैं। वाराणसी से शुरू की गई कलश यात्रा पूरे देश में जा रही है। इसमें श्री गुरु रविदास जी के जन्मस्थान वाराणसी से पवित्र मिट्टी लाई गई है। इसे हरियाणा के हर गाँव, शहर और हर बस्ती में घर-घर तक पहुँचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें भी गुरुग्राम में माता शीतला देवी की पवित्र नगरी में आयोजित कलश यात्रा में शामिल होने का सौभाग्य मिला। उस अवसर पर उन्होंने श्रद्धा, आस्था और देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखा। आज उसी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए, उन्हें माता मनसा देवी की पवित्र भूमि पंचकूला से ‘श्री गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत करने का सौभाग्य मिला है। गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को प्रत्येक बस्ती, प्रत्येक परिवार और विशेष रूप से नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए व्यापक जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीते 29 जुलाई, 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। यह 20 फरवरी, 2027 तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना और विभिन्न वर्गों को सामाजिक एकता के सूत्र में पिरोना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के अनुयायी केवल हरियाणा, पंजाब या काशी तक सीमित नहीं हैं। भारत के कोने-कोने से लेकर ब्रिटेन, कनाडा, अमेरिका, इटली, ऑस्ट्रेलिया और दुनिया के कई देशों तक लाखों श्रद्धालु उनकी वाणी से प्रेरणा लेते हैं। उनकी वाणी ने सीमाओं को नहीं, दिलों को जोड़ा है, समाज को नहीं, पूरी मानवता को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने हमें एक अमर संदेश दिया था – “मन चंगा तो कठौती में गंगा।” यह संदेश हमें सिखाता है कि यदि नीयत साफ है, भाव पवित्र है और कर्म लोक भलाई के लिए है, तो साधारण से साधारण स्थान भी तीर्थ बन जाता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर कार्यक्रमों के लिए गठित राज्य स्तरीय समिति के सभी सदस्यों से पूरी संवेदनशीलता, समयबद्धता और सेवा भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न चरणों में आयोजित होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग से समिति का गठन किया जाए ताकि कार्यक्रमों का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सदस्यों द्वारा दिए गए बहुमूल्य सुझावों को कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व पूरे देश में भव्य और शानदार तरीके से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य में भी जनभागीदारी से प्रकाश पर्व के आयोजन के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर लगभग पाँच एकड़ जमीन पर संत श्री गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जाएगा, जिसका कार्य जल्द शुरू होने वाला है।
इससे पहले हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने अपने संबोधन में कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज एक ऐसी महान शख्सियत थे, जिन्होंने समाज को एकता, अखंडता, समानता और सामाजिक समरसता का अनमोल संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ के सफल संचालन के लिए राज्य, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। अभियान के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों में सभी समाजों की सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने अभियान के विभिन्न चरणों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों और प्रमुख गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी दी।
बैठक के दौरान राज्य स्तरीय समिति के सदस्य मंत्रियों, सांसदों और विधायकों ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ के सफल आयोजन के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव भी प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर, कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के. मकरंद पांडुरंग, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सुश्री अदिति सिंह, भाजपा नेत्री श्रीमती बंतो कटारिया सहित पूर्व मंत्री, विधायक एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
#GuruRavidasJi #HarmonyAndEquality #SocialHarmony #MessageOfEquality #InspirationForSociety #ChiefMinister #NaibSinghSaini #650thPrakashParv #SamrastaSankalpAbhiyan







Leave a Reply