हर्षोल्लास के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आमजन के साथ मनाई लोहड़ी मुख्यमंत्री ने करनाल के मुगल कैनाल का नाम बदलकर कर्ण कैनाल रखने का प्रस्ताव रखा सैक्टर 13 के कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित लोहड़ी कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल

चंडीगढ़, 13 जनवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने शनिवार को हर्षोल्लास के साथ आमजन के बीच लोहड़ी का पावन त्योहार मनाया। करनाल के सैक्टर 13 स्थित कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित लोहड़ी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिरकत की और बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को लोहड़ी की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने प्रदेशवासियों की खुशहाली व तरक्की की प्रार्थना भी की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को 14 जनवरी को मनाए जाने वाले मकर सक्रांति पर्व की भी हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करनाल के मुगल कैनाल का नाम बदलकर कर्ण कैनाल करने का प्रस्ताव भी रखा।

इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह उनके लिए बड़े हर्ष का विषय है कि लोहड़ी के दिन वे करनाल शहर में मौजूद हैं और लोगों के बीच इस पावन पर्व को मना रहे हैं। यह हमारी भारतीय संस्कृति की विशेषता है कि यहां अलग-अलग त्योहार मनाए जाते हैं। लोहड़ी खुशियां बांटने का त्योहार है। उन्होंने कहा कि इस पावन त्योहार पर वह भगवान से प्रार्थना करते हैं कि सभी के जीवन में सुख-समृद्धि आए। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व अन्य अतिथियों ने अग्नि को तिलगुड़ व मुंगफली अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *