चण्डीगढ़, 13 जनवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि प्रदेश में आने वाले दिनों में विकास के एक लाख कार्य और होने वाले हैं। इन्हें जब पोर्टल पर डालते हैं तो कार्य करने के लिये ठेकेदार नहीं मिलते। काम ज्यादा हो गये, ठेकेदार कम हैं। यूनिवर्सिटी से बात करके सिविल इंजीनियरिंग पास करने वाले 15 हजार युवाओं को ट्रेनिंग देकर अच्छे ठेकेदार तैयार किये जायेंगे। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी।
उन्होंने बताया कि जनसंवाद कार्यक्रम अप्रैल में शुरू किया गया था। उन्होंने खुद 115 कार्यक्रम कवर किये। 30 नवंबर से विकसित भारत संकल्प यात्रा आरंभ हुई। प्रदेश में यात्रा के 80 प्रतिशत कार्यक्रम पूरे हो चुके हैं। वार्ड एक में 116 करोड़ और करनाल शहर के विभिन्न वार्डों में 2 हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्य कराये जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी 6 महीनों में प्रदेश में 60 हजार युवाओं को नौकरियां दी जायेंगी। स्वरोजगार व प्राइवेट नौकरियों में सहायता करने के साथ-साथ सरकार युवाओं को रोजगार के लिये विदेश भेजने में भी सहयोग कर रही है। विदेश जाने के इच्छुक 15 हजार युवाओं को रोहतक में कार्य में दक्ष (स्किलिंग) किया जा रहा है। इन्हें पासपोर्ट और वीजा की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। सरकार के पास 25 हजार स्किल्ड युवाओं की मांग आई है। उन्होंने कहा कि कुछ युवक विदेश जाने के लिये डोंकी रूट चुन रहे हैं जो गलत है। युवाओं को सही रूट से ही विदेश जाना चाहिये।










Leave a Reply