“सही अवसर मिलने पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चे चुनौतियों को अपनी ताकत में बदल सकते हैं: आयुक्त एवं सचिव श्री के.एम. पांडुरंग”

हरियाणा सूचना, लोक संपर्क, भाषा तथा संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के.एम. पांडुरंग ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा को किसी सीमा में नहीं बांधा जा सकता। उनकी शारीरिक चुनौती उनकी क्षमता की अंतिम पहचान नहीं होती। यदि उन्हें सही अवसर, प्रशिक्षण, इलाज, प्यार और विश्वास मिले तो वे अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।

श्री पांडुरंग आज माता मनसा देवी गौधाम में पंचकूला गौशाला ट्रस्ट की 13वीं और ‘कलाम एक्सप्रेस’ की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार और सामाजिक संस्थाओं द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान के लिए ‘कलाम एक्सप्रेस’ सहित कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। हालांकि इस दिशा में संस्थागत स्तर पर और प्रयास करने की आवश्यकता है, ताकि ऐसे बच्चों के जीवन में शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास की रोशनी पहुंचाई जा सके। उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए अपनी और सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

पंचकूला में विशेष बच्चों के लिए सभी सुविधाओं से लैस संस्थान बनाया जाए

श्री पांडुरंग ने कहा कि पंचकूला में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं से लैस एक ऐसा संस्थान विकसित किया जाना चाहिए, जहां देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा सके। ऐसा संस्थान बच्चों को बेहतर अवसर देने के साथ-साथ उनके अभिभावकों के लिए भी एक बड़ा सहारा बन सकता है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ गायों की सेवा और सुरक्षा के लिए समर्पित पंचकूला गौशाला ट्रस्ट अपनी 13वीं वर्षगांठ मना रहा है, वहीं दूसरी तरफ विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के जीवन में शिक्षा, इलाज और आत्मविश्वास की रोशनी पहुंचाने वाली ‘कलाम एक्सप्रेस’ अपनी तीसरी वर्षगांठ पूरी कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता करुणा, पालन-पोषण और सह-अस्तित्व की प्रतीक रही हैं। गौ सेवा केवल गौ वंश की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस संवेदना को जीवित रखने का एक माध्यम है जो हमें हर जीव के प्रति दया और जिम्मेदारी की भावना सिखाती है। यह गर्व की बात है कि पंचकूला गौशाला ट्रस्ट पिछले 13 वर्षों से इसी भावना को अपने कार्यों के माध्यम से आगे बढ़ा रहा है।

#Panchkula #KMPandurang #KalamExpress #PanchkulaGaushalaTrust #MataMansaDeviGaudham #SpecialChildren #DivyangJan #HaryanaGovt #GaushalaSewa #SocialEmpowerment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *