श्रीमद्भागवत कथा आत्मा के परम कल्याण और जीवन को सही दिशा देने की पवित्र यात्रा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा आत्मा को जागृत करने, जीवन को सही मार्ग दिखाने और समाज में सद्भाव व धर्म की स्थापना का माध्यम है। श्रीमद्भागवत महापुराण को भारतीय संस्कृति का हृदय कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं के माध्यम से इसमें जीवन के गूढ़ सत्य, कर्म, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया गया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को पंजाब के पंजोला (पटियाला) में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कथा वाचक श्री सीतापाल शास्त्री जी, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा आत्मा के परम कल्याण की पवित्र यात्रा है। इसका प्रसंग उस पावन समय से जुड़ा है, जब महर्षि वेदव्यास के पुत्र भगवान शुकदेव जी ने गंगा के पावन तट पर महाराज परीक्षित को यह कथा सुनाई थी। महाराज परीक्षित को सात दिनों के भीतर तक्षक नाग के डसने का श्राप प्राप्त था, लेकिन उन्होंने मृत्यु के भय से परे होकर इन सात दिनों में भागवत का अमृत रस पिया। इसी कारण भारतीय संस्कृति में भागवत कथा सामान्यतः सात दिनों के अनुष्ठान के रूप में आयोजित की जाती है।

युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य के भौतिक और आध्यात्मिक जीवन के बीच संतुलन बनाने का काम करती है और युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत तथा नैतिक मूल्यों से जोड़ती है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से स्वयं भी दूर रहें और अपने साथियों को भी इससे बचाएं। नशा व्यक्ति के शरीर और मन के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे में बर्बाद करने के बजाय शिक्षा, खेल, कौशल विकास, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण जैसे श्रेष्ठ कार्यों में लगानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार संतों, महापुरुषों और हमारी सनातन संस्कृति के विचारों को घर-घर तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में ‘संत-महापुरुष विचार प्रसार एवं सम्मान योजना’ चलाई जा रही है, जिसके तहत महान संतों, ऋषियों और महापुरुषों की जयंतियाँ राज्य स्तर पर श्रद्धापूर्वक मनाई जाती हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण के श्रीमुख से निकले गीता के अमर संदेश को मानव मात्र तक पहुँचाने के लिए हर साल कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में गीता का शाश्वत संदेश आज वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने परिवार और बच्चों के साथ कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर अनुभव केंद्र का भ्रमण करें तथा महाभारत के जीवंत वृत्तांत एवं गीता के दिव्य दर्शन की अनुभूति करें।

पिहोवा शहर की आंतरिक सड़क के सुधार को सरकार की मंजूरी : रणबीर गंगवा
चंडीगढ़, 1 अक्टूबर – पिहोवा शहर में लोगों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने आंतरिक सड़क के सुधार कार्य को मंजूरी दे दी है। लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने बताया कि पिहोवा शहर की आर.डी. 50.860 से 58.860 किलोमीटर तक की आंतरिक सड़क पर 30 एम.एम. बी.सी. कार्पेटिंग का कार्य किया जाएगा। इससे सड़क की स्थिति में सुधार होगा और वाहन चालकों सहित आम जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

यह सड़क भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से स्थानांतरित हुई है। सड़क की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आगे होने वाले नुकसान को रोकने और सड़क उपयोगकर्ताओं को होने वाली असुविधा से बचाने के लिए 30 एम.एम. बी.सी. कार्पेटिंग का कार्य किया जाएगा।

मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर सड़क और परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़कों के सुदृढ़ीकरण और बेहतर रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आम जनता को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन मिल सके।

राष्ट्रीय iGOT कर्मयोगी रैंकिंग में श्रेणी-बी में हरियाणा प्रथम स्थान पर, 60.72 अंक किए हासिल
सरकारी कर्मचारियों के क्षमता निर्माण, निरंतर सीखने की गतिविधियों के मूल्यांकन पर आधारित है रैंकिंग

चंडीगढ़, 1 अक्टूबर – हरियाणा ने राष्ट्रीय iGOT कर्मयोगी मंच पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की रैंकिंग में श्रेणी-बी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। हरियाणा ने 60.72 अंक प्राप्त किए हैं। यह रैंकिंग सरकारी कर्मचारियों के क्षमता निर्माण और निरंतर सीखने की गतिविधियों के मूल्यांकन पर आधारित है।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी एक पत्र में कहा गया है कि केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के तहत कर्मयोगी भारत द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 31 अगस्त, 2026 तक के आंकड़ों के आधार पर तैयार रैंकिंग में हरियाणा ने श्रेणी-बी में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस श्रेणी में 1,00,001 से 5,00,000 तक सरकारी कर्मचारियों वाले राज्य और केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। हरियाणा के बाद कर्नाटक ने 60.47, तेलंगाना ने 60.39, गुजरात ने 60.18 और पंजाब ने 60.06 अंक प्राप्त किए हैं।

यह रैंकिंग iGOT कर्मयोगी मंच के माध्यम से सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका-आधारित प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और निरंतर सीखने में राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी को मापने के उद्देश्य से तैयार की गई है। केंद्र सरकार द्वारा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को समय-समय पर यह रैंकिंग दी जाएगी, ताकि वे अपनी प्रगति का मूल्यांकन करते हुए निरंतर सुधार कर सकें।

कुल रैंकिंग तीन मुख्य प्रदर्शन मानदंडों पर आधारित है, जिनके लिए कुल 100 अंक निर्धारित हैं। राज्यों के विभागों द्वारा आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस आधारित क्षमता निर्माण योजनाएं तैयार करने के लिए 30 प्रतिशत, भूमिका-आधारित ज्ञान के निर्माण के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने के लिए 30 प्रतिशत, जबकि पंजीकृत अधिकारियों में से पिछले महीने कम से कम एक घंटे का प्रशिक्षण पूरा करने वाले अधिकारियों के लिए 40 प्रतिशत वेटेज निर्धारित की गई है।

जिन राज्यों के कम से कम 25 प्रतिशत विभागों द्वारा आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस आधारित क्षमता निर्माण योजनाएं तैयार की गई हैं, वे पहले मानदंड के तहत पूरे 30 अंक प्राप्त कर सकते हैं। इसी प्रकार, 10 या उससे अधिक लाइव पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने वाले राज्य दूसरे मानदंड के तहत पूरे 30 अंक प्राप्त कर सकते हैं।

केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सभी फ्रंटलाइन (अग्रिम पंक्ति के) कर्मचारियों को iGOT कर्मयोगी मंच पर जोड़ने और कर्मचारियों की कुल संख्या की पुष्टि करने का अनुरोध किया है। साथ ही, कर्मचारियों को हर महीने कम से कम एक घंटे का प्रशिक्षण पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

iGOT कर्मयोगी मंच पर सरकारी अधिकारियों के लिए जनरेटिव आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, व्यक्तिगत विकास और डेटा एनालिटिक्स जैसे विषयों पर 700 से अधिक उन्नत पाठ्यक्रम निःशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। साइबर सुरक्षा और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस पर समर्पित लर्निंग पाथवे भी शुरू किए गए हैं, जिनमें प्रशिक्षण से पहले और बाद में मूल्यांकन का प्रावधान है। कर्मचारियों को ‘पब्लिक सर्विस में साइबर सुरक्षा की बुनियाद’ लर्निंग पाथवे पूरा करके ‘साइबर सुरक्षा निपुण’ बैज हासिल करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है।

महात्मा गांधी जयंती पर सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होगी विशेष ग्राम सभा, ली जाएगी स्वच्छता की शपथ
चंडीगढ़, 1 अक्टूबर – हरियाणा विकास एवं पंचायत विभाग के निर्देशों के अनुसार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर पूरे राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान सुबह 11 बजे विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी।

एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही, ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दिन गांव में जन योजना अभियान, जन-कल्याणकारी योजना की उपलब्धियां ग्रामीणों के समक्ष रखना, ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए गांवों के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी और आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव में किए गए जन-कल्याणकारी एवं सेवा कार्यों तथा उनकी उपलब्धियों की जानकारी ग्राम सभा के सामने रखी जाएगी और आगामी जन-सेवा कार्यों की प्राथमिकता ग्रामीणों के साथ मिलकर तय की जाएगी।

इसी प्रकार, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत पंचायत, सरपंच, स्वच्छता मित्र, स्वयं सहायता समूह, यूथ क्लब, पुस्तकालय अधिकारी, स्काउट्स एंड गाइड्स तथा आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित ग्राम पंचायत के हितधारकों को एक मंच पर लाकर गांव में स्वच्छता की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। पंचायत राज विभाग और विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत गांव की स्थानीय आवश्यकताओं और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार करके ग्राम सभा में औपचारिक प्रस्ताव पारित करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल अर्पण अभियान की गतिविधियों को भी विशेष ग्राम सभा में शामिल किया जाएगा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और जल जीवन मिशन के सहयोग से जल स्रोतों के रखरखाव, जल की उपलब्धता, स्वच्छता और ‘हर घर जल’ व्यवस्था के निरंतर संचालन की समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए ब्लॉक स्तर पर संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (BDPO) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे 2 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और स्वच्छता के इस अभियान को सफल बनाएं।

बुजुर्गों के लिए अलग से चलाए जा रहे हैं जेरियाट्रिक क्लीनिक: आरती सिंह राव
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री ने दी जानकारी हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं। इनमें पंजीकरण, ओ.पीडी., लैब और दवा वितरण काउंटर पर बुजुर्गों के लिए अलग कतार की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, अस्पतालों में अस्पताल परिचारक की मदद से समर्पित जेरियाट्रिक क्लीनिक चलाए जा रहे हैं और हर महीने के तीसरे शुक्रवार को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष जांच शिविर लगाकर निःशुल्क दवाएं वितरित की जा रही हैं।

आज अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सम्मानजनक जीवन और बेहतर देखभाल के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार “गरिमा के साथ आयु में वृद्धि: बुजुर्गों के लिए देखभाल और सहायता प्रणालियों को मजबूत करना” के संकल्प के साथ काम कर रही है।

आरती सिंह राव ने बताया कि सभी सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में बुजुर्गों का व्यापक जेरियाट्रिक मूल्यांकन करने के साथ-साथ जिला नागरिक अस्पतालों में फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि घर बैठे ई-संजीवनी और टेलीमेडिसिन जैसे डिजिटल माध्यमों से विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह भी प्रदान की जा रही है।

#Pehowa#KurukshetraNews#HaryanaRoads#RanbirGangwa#PWDHaryana#HaryanaInfrastructure#RoadRepair #HaryanaGovernment#HaryanaNews#iGOTKarmayogi#HaryanaNo1#GoodGovernance#KarmayogiBharat#CapacityBuilding #HaryanaGovt#CivilServices#DigitalHaryana#PublicService#MissionKarmayogi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *