CET पास युवाओं को 1 नवंबर से सक्षम युवा योजना के तहत मिलेगा मानभत्ता – नायब सिंह सैणी

प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना में हरियाणा को मिला पहले 10 में स्थान – मुख्यमंत्री
फतेहाबाद में बनेगा श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय केंद्र (रीजनल सेंटर)

चंडीगढ़, 30 जुलाई – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैणी ने कहा कि केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना’ के तहत हरियाणा ने शीर्ष 10 में स्थान हासिल किया है। इसके अंतर्गत 51 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री ‘विकसित भारत विजन 2047’ के तहत रोजगार, कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग तथा हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में राज्य के 5 युवाओं का चयन किया गया है। सितंबर महीने में चीन में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में पदक लाने वाले युवाओं को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और नौकरी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में कौशल फैकल्टी प्रशिक्षण के लिए राज्य स्तरीय आर्ट कल्चर सेंटर बनाया जाएगा। इसके अलावा फतेहाबाद, सुल्तानपुर और अंतेड़ी में उद्यमिता विकास केंद्र (एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर) स्थापित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि एक ए.आई. (AI) पोर्टल विकसित किया जाए जिस पर आईटीआई (ITI) और कौशल विकास का पूरा डेटा अपलोड हो ताकि जरूरत पड़ने पर इसका तुरंत उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि हर तीसरे महीने बैठक आयोजित कर आईटीआई और कौशल विकास के कार्यों की समीक्षा की जाएगी ताकि इन योजनाओं को जल्द से जल्द अमलीजामा पहनाकर युवाओं को रोजगार के योग्य बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को विश्व शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। पंचकुला और गुरुग्राम में ए.आई. हब बनाया जा रहा है। युवाओं को ए.आई. के प्रति पूरी तरह जागरूक किया जाएगा और 2 लाख युवाओं को हार्ड स्किल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सभी आईटीआई का नवीनीकरण किया जाएगा और फतेहाबाद में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर बनाया जाएगा जो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में कार्य करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का सर्वेक्षण कराया जाए, जिसमें विशेष रूप से तकनीकी रूप से सक्षम युवाओं की अलग पहचान की जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीकी रूप से निपुण बनाने के लिए आईटीआई में नए कोर्स शुरू किए जाएं, जिससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार के योग्य बनाया जा सके और उद्योगों की आवश्यकता के अनुकूल कुशल युवा उपलब्ध हो सकें। पीएम स्वनिधि योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सी.ई.टी. (CET) पास युवाओं को 100 घंटे का काम दिया जाएगा। दो साल तक रोजगार न मिलने पर ‘सक्षम युवा योजना’ के तहत मानभत्ता दिया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान 5 लाख 40 हजार 428 सी.ई.टी. युवा पास हुए हैं। इन युवाओं को 1 नवंबर से योजना का लाभ देना सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए नया प्रशिक्षण शुरू करने हेतु हर जिले में मॉडल आईटीआई खोलने की योजना है। इसके अलावा हर ब्लॉक स्तर पर भी आईटीआई खोली जाएगी। राज्य के 143 blocks (खंडों) में से 117 blocks में आईटीआई संचालित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त चरखी दादरी के झोझू कलां, काकड़ोली हुक्मी (कारीरूपा) और रणकौली तथा पिल्लूखेड़ा में नई आईटीआई खोली जाएंगी। नारनौल में महिला आईटीआई का नवीनीकरण किया जा रहा है। पंचकुला के बरवाला, कुरुक्षेत्र के बसंतपुर और नलवी खुर्द में भी आईटीआई का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को ए.आई., रोबोटिक्स, ड्रोन आदि का प्रशिक्षण देने के लिए करनाल, पंचकुला और पानीपत में केंद्र बनाए जा रहे हैं। इन केंद्रों में प्रशिक्षुओं के लिए आधुनिक स्तर की मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए 20 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है।
बैठक में प्रधान सचिव विजय दहिया, अमनीत पी. कुमार, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल यादव, राजनेहरू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

#HaryanaGovt #NayabSinghSaini #CETPassed #SakshamYuvaYojana #HaryanaYouth #EmploymentInHaryana #SkillHaryana #ViksitBharat2047 #SkillDevelopment #HaryanaNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *