कुरुक्षेत्र में 28 नवंबर से 15 दिसंबर तक आयोजित होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर- हरियाणा में धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में हर वर्ष की भांति इस बार भी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को भव्य रूप से मनाया जाएगा। 28 नवंबर से 15 दिसंबर 2024 तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वर्ष 2016 से हरियाणा सरकार ने गीता महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की है, तब से ही हरियाणा का नाम देश-विदेश में विख्यात हुआ है। हर वर्ष किसी न किसी देश में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाता है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जो कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं, आज यहां अपने निवास स्थान संत कबीर कुटीर में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल तथा गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज भी उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में तंजानियां को पार्टनर देश तथा ओडिशा होगा पार्टनर राज्य होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समारोह के दौरान शहर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। इस कार्य में कुरुक्षेत्र जिला की सामाजिक, धार्मिक संस्थानों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन व युवाओं को जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में दिव्य कुरुक्षेत्र नाम से स्वच्छता का एक विशेष अभियान चलाया जाए, जिसमें वह स्वयं भी हिस्सा लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *