पंजाब को भारत के सबसे तेजी से प्रगति करने वाले और निवेश के सबसे पसंदीदा स्थान के रूप में चित्रित करते हुए पंजाब के उद्योग और वाणिज्य मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने आज घोषणा की कि यदि किसी भी मंजूरी में 45 कार्यदिवसों से अधिक समय लगता है तो उसे मंजूर माना जाएगा। इस अवसर पर श्री अरोड़ा ने यह भी खुलासा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार के अधीन मार्च 2022 से अब तक राज्य को 2 लाख करोड़ रुपये के 10,673 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनसे 6,63,410 नौकरियां मिलने की संभावना है।
यहां भारत मंडप में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आई.आई.टी.एफ.) 2026 को संबोधित करते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि आई.आई.टी.एफ. का विषय ‘विकास और विरासत’ एक ऐसे राज्य को दर्शाता है जहां विरासत और उद्यम हमेशा साथ-साथ चलते हैं। उन्होंने जिक्र किया कि पंजाब का औद्योगिक क्षेत्र लुधियाना के हौजरी और साइकिल तथा जालंधर के खेल सामान और हैंड टूल्स से लेकर मंडी गोबिंदगढ़ के स्टील और बटाला की फाउंड्रियों तक फैला हुआ है और अब इसमें 18.12 लाख पंजीकृत एम.एस.एम.ई. शामिल हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा, “यह हमारी औद्योगिक विरासत है।”
उन्होंने बताया कि 16 मार्च, 2022 से 10 नवंबर, 2026 के बीच राज्य को लगभग 2 लाख करोड़ रुपये के 10,673 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 6,63,410 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। टाटा स्टील, नेस्ले, पेप्सिको, यूनिलीवर, कारगिल, डैनोन, लिंडे, यानमार, फ्रेडेनबर्ग, टोपन और सनातन टेक्सटाइल्स जैसी बड़ी वैश्विक कंपनियां पहले ही राज्य में अपना कारोबार स्थापित कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि देश और विदेश में निवेशकों के साथ किए जा रहे संपर्कों के कारण अब ये प्रतिबद्धताएं जमीनी स्तर पर परियोजनाओं में बदल रही हैं।
श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि सरकार की ‘फास्टट्रैक पंजाब’ डिजिटल सिंगल-विंडो प्रणाली 20 से अधिक विभागों की 300 से अधिक सेवाओं को एक ही लॉगिन के अधीन लाती है, जिसके तहत 45 कार्यदिवसों के भीतर मंजूरियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्णय नहीं लेता तो आवेदन स्वतः मंजूर मान लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उद्योग की जरूरतों के अनुसार नीति तैयार करने के लिए, राज्य सरकार ने 24 क्षेत्र-वार समितियां गठित की थीं, जिन्होंने ‘औद्योगिक और वाणिज्यिक विकास नीति 2026’ और विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित नीतियां तैयार की हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब भविष्य के उद्योगों ऑटो कंपोनेंट्स, इलेक्ट्रिक वाहन, रक्षा और एयरोस्पेस, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, आई.टी. और जी.सी.सी. और खेल सामान को विकसित कर रहा है। रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में इन्वेस्ट पंजाब का एयरोस्पेस एंड डिफेंस एडवाइजरी फोरम एम.एस.एम.ई. को बड़े खरीदारों से जोड़ रहा है, पंजाब से सोर्सिंग और निर्माण को प्रोत्साहित कर रहा है और तकनीक के उन्नयन में सहायता कर रहा है। ‘हुनर पंजाब पोर्टल’ नौकरियों, इंटर्नशिप और औद्योगिक प्रशिक्षण के लिए उद्योगों को लगभग 1,750 शैक्षणिक और प्रशिक्षण संस्थानों से जोड़ता है।
श्री अमन अरोड़ा ने कहा, “मैं आज के इस अवसर पर आने वाले हर निवेशक को पंजाब पवेलियन का दौरा करने और इन्वेस्ट पंजाब टीम से मिलने का न्योता देता हूं। पंजाब सरकार छोटे एम.एस.एम.ई. से लेकर बड़े निवेशक तक हर उद्यमी के साथ खड़ी है। मैं अपने सभी प्रदर्शकों और कारीगरों को अच्छे कारोबार और नई साझेदारियों के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”
इस दौरान प्रसिद्ध पंजाबी गायक शिवजोत सिंह ने एम्फीथिएटर-1 में अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहा और लोग उनके हिट गीतों पर झूम उठे। उनकी स्टेज प्रस्तुति ने शाम को पंजाबी संगीत और संस्कृति के उत्सव में बदल दिया, जिसे दर्शकों की ओर से भरपूर तालियां और हौसला मिला।
इस अवसर पर पी.एस.आई.ई.सी. के चेयरमैन श्री दलबीर सिंह ढिल्लों, वाइस चेयरमैन श्री जसकरन सिंह बदेशा, अतिरिक्त प्रबंध निदेशक अमरबीर कौर भुल्लर और पर्यटन तथा सांस्कृतिक मामलों के विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
आई.आई.टी.एफ. में पंजाब पवेलियन ने जीता गोल्ड मेडल
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार के प्रयासों को बड़ी मान्यता देते हुए पंजाब पवेलियन ने इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आई.आई.टी.एफ.) 2026 में थीमैटिक प्रस्तुति श्रेणी में गोल्ड मेडल जीता है। पी.एस.आई.ई.सी. की ओर से 450 वर्ग मीटर क्षेत्र में तैयार किए गए इस पवेलियन को आई.टी.पी.ओ. ज्यूरी ने इसके थीम “विकास और विरासत” के लिए चुना, जिसने पंजाब की सांस्कृतिक विरासत को इसकी आधुनिक औद्योगिक क्षमताओं और तकनीकी प्रगति के साथ खूबसूरती से जोड़ा। सम्मान समारोह में पंजाब पवेलियन के प्रशासक अर्शदीप सिंह सहित डिप्टी प्रशासक गुरप्रीत सिंह और अमनप्रीत सिंह ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। पंजाब के उद्योग और वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा, प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग ने पी.एस.आई.ई.सी. की टीम और उद्योग विभाग को बधाई दी।
#InvestPunjab #PunjabMeansBusiness #PunjabAtIITF2026 #IITF2026 #VikasAurVirasat #AmanArora #BhagwantMann #PunjabGovernment #EaseOfDoingBusiness #FastTrackPunjab #DeemedApproval #BusinessReforms #IndustrialPolicy2026 #IBDP2026 #MSMEPunjab #MakeInPunjab #PunjabEconomy #InvestmentDestination #IndustrialGrowth #JobCreation #SkillPunjab #HunarPunjab #PSIEC #PunjabPavilion #GoldMedalWinner #BharatMandapam #NewDelhi #IndianIndustry #TradeFair2026 #LudhianaIndustry #JalandharSports #MandiGobindgarh #BatalaFoundry #AerospaceAndDefence #EVPunjab #FoodProcessing #TextilesIndia #ITAndGCC #GlobalInvestors #StartupPunjab #Entrepreneurship #AtmanirbharBharat #IndustrialVirasat #ModernPunjab #ShivjotSingh #PunjabiCulture #PunjabiMusic #PunjabTourism #EconomicDevelopment #FutureReadyPunjab









Leave a Reply