नकली व अवैध दवाइयों की बिक्री रोकने के लिए सख्ती से मॉनिटरिंग की जाए

चंडीगढ़, 3 अप्रैल (म्हारा हरियाणा डेस्क):   हरियाणा के मुख्य सचिव श्री टीवीएसएन प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नकली व अवैध दवाईयों की बिक्री रोकने के लिए सख्ती से मॉनिटरिंग की जाए तथा विशेषकर ड्रग की हर मूवमेंट को ट्रैक किया जाए। ड्रग ऑफिसर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से कार्रवाई करें ताकि कोई घटना न हो सके।

मुख्य सचिव चंडीगढ़ में 7 वीं राज्य स्तरीय नार्को कोर्डिनेशन कमेटी की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि जिलों में प्राइवेट एजेंसी, स्वयं सेवी संगठनों के सहयोग से नशा मुक्ति केन्द्र चलाए जाए ताकि जिन क्षेत्रों में केन्द्र नहीं हैं उनमें लोगों को नशे से निजात दिलवाई जा सके। उन्होंने कहा कि ड्रग से मुक्ति दिलाने के लिए चालान, टेस्टिंग पर फोकस किया जाए और युवाओं को सचेत एवं जागरूक करने के लिए स्कूल एवं कालेज स्तर पर भी विशेष फोकस रखा जाए। इसके अलावा जिला स्तर पर हर तीसरे माह एनकॉर्ड की मीटिंग नियमित रूप से की जाए।

बैठक में मुख्य सचिव को अवगत करवाया गया कि नशे के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चलाई जा रही हरियाणा उदय योजना के तहत एंटी ड्रग कार्यक्रम में वार्ड, पंचायत व गांवों को ड्रग फ्री बनाने का कार्य किया जा रहा है। गत वर्ष के दौरान राज्य में लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए 1879 कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनमें 14 लाख 23 हजार 410 लोगों ने भाग लिया। एंटी ड्रग गतिविधियों पर एक्शन लेते हुए 4681 केस दर्ज कर 6510 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत 801 दोषियों पर केस तय हुए जिनकी 13.09 करोड़ रुपए की सम्पति जब्त की गई और नशीले पदार्थो की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के 31 अवैध कब्जो को डिमोलिश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *