नशा मुक्ति का संदेश देने साइकिल पर विधान सभा पहुंचे मुख्यमंत्री और स्पीकर मंत्री और विधायक भी बने साइक्लोथॉन का हिस्सा

चंडीगढ़, 26 अगस्त

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए मंगलवार को साइक्लोथॉन का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के नेतृत्व में मंत्री और विधायक साइकिलों और ई-रिक्शा से सेक्टर 3 स्थित एमएलए हॉस्टल से रवाना होकर विधान सभा पहुंचे। विधायकों के लिए साइकिल और ई-रिक्शा का  प्रबंध विधान सभा सचिवालय की ओर से किया गया।

इस मौके पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि विधान सभा की ओर से नशा मुक्ति की दिशा में यह बड़ी पहल है। इस सांकेतिक यात्रा से समाज में बड़ा संदेश जाएगा।

बाद में सदन को संबोधित करते हुए भी कल्याण ने इस प्रयास की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियत्रण की दिशा में एक सार्थक पहल करना है तथा इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए एक संदेश देना भी है। इससे प्रदेश की जनता में एक अच्छा संदेश जायेगा।

सदन में बंसी लाल को याद किया 

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मंगलवार को पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल को याद किया। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष बंसी लाल का जन्म आज के ही दिन 1927 को हुआ था।

कल्याण ने कहा कि जहां हरियाणा प्रदेश के विकास में उनकी एक महत्वपूर्ण भूमिका रही वहीं वे एक कुशल प्रशासक के रूप में भी जाने जाते थे। केन्द्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने रक्षा, रेलवे एवं परिवहन विभाग में अपनी सेवाएं दीं। उनका दूरदर्शी नेतृत्व हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। उनकी पोती श्रीमती श्रुति चौधरी आज इस सदन की सदस्य भी हैं व प्रदेश सरकार में मंत्री भी। उन्होंने कहा कि आज बंसीलाल जी को सम्मानपूर्वक नमन करने का दिन है। उन्होंने वर्षों पहले संसद भवन में उनसे हुई एक भेंट का भी जिक्र किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *