मंत्री अनिल विज ने सुनीता विलियम्स की सकुशल वापसी पर खुशी जताई

चंडीगढ़, 19 मार्च – हरियाणा के ऊर्जा, श्रम एवं परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने प्रख्यात अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की सफल अंतरिक्ष यात्रा के बाद उनकी सुरक्षित वापसी पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में यह सुझाव रखा कि यह सदन उनकी सकुशल वापसी पर हर्ष व्यक्त करे और इस भावना को औपचारिक रूप से सुनीता विलियम्स तक पहुंचाया जाए।

श्री विज ने यह भी उल्लेख किया कि सुनीता विलियम्स की जड़ें भारत से जुड़ी हैं, और वे अपने प्रत्येक अंतरिक्ष मिशन में भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का सम्मान करती हैं। उन्होंने विशेष रूप से इस बात का उल्लेख किया कि सुनीता विलियम्स जब भी अंतरिक्ष यात्रा पर जाती हैं, तो वे अपने साथ श्रीमद्भगवद्गीता साथ लेकर जाती हैं। यह भारत की आध्यात्मिक विरासत और वैज्ञानिक उपलब्धियों का अनूठा समन्वय दर्शाता है। मंत्री महोदय ने उन वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के प्रति भी कृतज्ञता प्रकट की, जिन्होंने इस अंतरिक्ष अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया और आश्वासन दिया कि सुनीता विलियम्स और उनकी पूरी टीम को हरियाणा विधानसभा की शुभकामनाओं एवं बधाइयों से अवगत कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *