कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने रादौर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का किया दौरा

चंडीगढ़, 14 दिसंबर – हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम किया जाएगा। प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। भाजपा ने अपने शासनकाल में सभी विधानसभा क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए हैं और आगे भी इसी नीति पर चलते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।

कृषि मंत्री ने आज रादौर विधानसभा क्षेत्र के गांव कांजनू, धौड़ग, बागवाली, नाहरपुर, हरियाबांस, टोडरपुर व सुखपुरा का धन्यवादी दौरा कर जनता का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनका शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने धौड़ग गांव में भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों की मांगे सुनी और जल्द ही उन सभी जायज मांगों को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा पूरा करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए जागरूक किया।

श्याम सिंह राणा ने कहा कि जो विकास कार्य रह गए हैं या अधूरे पड़े हैं उन सभी विकास कार्यों को जल्द पूरा कर दिया जाएगा ताकि जनता को उनका लाभ मिल सकें। प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा हर क्षेत्र के लिए और हर वर्ग के हित में योजनाएं बनाई जा रही हैं तथा महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में विशेष रूप से कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनता के सहयोग से लगातार प्रदेश में प्रचंड बहुमत हासिल कर तीसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रचा है। यह भाजपा के शासन में हुए विकासात्मक योजनाओं की जीत है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश में एक ऐसा राज्य है, जहां पर किसानों की सबसे अधिक फसलें एमएसपी पर खरीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *