यमुना नदी के तटबंधों को और अधिक मजबूत किया जाए : वी. सोमन्ना

चंडीगढ़ , 13 सितम्बर- भारत सरकार के रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना ने शनिवार को सिंचाई  विभाग के अधिकारियों के साथ यमुनानगर जिला में हथनीकुंड बैराज का निरीक्षण कर वहां पानी के बहाव की स्थिति का जायजा लिया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण यमुना नदी के तटबंधों के आस-पास कई स्थानों पर भूमि कटाव एवं जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यमुना नदी के तटबंधों को और अधिक मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की क्षति को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और किसानों की सुरक्षा एवं हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और केंद्र तथा राज्य सरकार मिलकर हर संभव सहायता सुनिश्चित करेंगी।

राज्य मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि अधिक वर्षा के कारण जिनका फसल या संपत्ति का नुकसान हुआ है, उन्हें किसी भी स्थिति में सहायता से वंचित नहीं रखा जाएगा। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय पर राहत सामग्री एवं आर्थिक सहयोग पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं मंत्रियों की ड्यूटी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगाई है और इसी क्रम में वे यमुनानगर पहुंचे हैं ताकि प्रत्यक्ष रूप से स्थिति का आंकलन कर प्रभावित नागरिकों की समस्याओं को जाना जा सके।

राज्य मंत्री ने आगे कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत सामग्री एवं मुआवजा पहुंचाया जाए और जिन क्षेत्रों में भूमि कटाव हुआ है वहां स्थायी समाधान हेतु ठोस योजना बनाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि देश और प्रदेश की सरकारें मिलकर इस मुश्किल घड़ी में ग्रामीणों की मदद के लिए प्रतिबद्ध हैं।

 राज्य मंत्री ने गांव नत्थनपुर के ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और समाधान करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस अवसर पर हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, यमुनानगर के उपायुक्त पार्थ गुप्ता भी साथ थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *