चंडीगढ़, 9 जनवरी – भारत को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को लेकर विकसित भारत संकल्प यात्रा मंगलवार को हरियाणा के जिला सोनीपत के गांव खेवड़ा तथा दीपालपुर में पहुंची। गांवों में पहुंचने पर राई से विधायक श्री मोहनलाल बड़ौली व ग्रामीणों ने विकसित भारत संकल्प यात्रा जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने सरकारी योजनाओं को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन करते हुए योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों को मौके पर ही सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करें।
विधायक ने कहा कि मोदी – मनोहर सरकार अंत्योदय के सपने को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह यात्रा इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन देशभर में एक साथ किया जा रहा है। हर खंड, जिले और हरियाणा में यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। एक ही स्थान पर ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यह संकल्प यात्रा प्रदेश के हर जिले के वार्ड व गांवों में पहुंच कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कारगर साबित होगी।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के प्रयासों से व्यवस्था परिवर्तन का दौर चला है। इसी का परिणाम है कि समाज के अंतिम व्यक्ति को घर बैठे सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सरकार की योजनाओं से वंचित लोगों को भी लाभ देने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प एवं जनसंवाद यात्रा एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कार्यक्रम में नागरिकों से 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का संकल्प भी दिलाया। सूचना, जन संपर्क, भाषा तथा सांस्कृतिक विभाग के प्रचार अमले के कलाकारों ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान विकास गीतों के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूक किया। इस दौरान कृषि विभाग द्वारा खेतों में ड्रोन का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री मोहनलाल बड़ौली ने आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीबों के लिए वरदान बनकर उनकी सहायता कर रही है। आयुष्मान कार्ड की सहायता से गरीब व्यक्ति 5 लाख रुपये तक का इलाज अच्छे अस्पतालों में मुफ्त करवा सकते हैं। इस दौरान विधायक ने स्वामित्व योजना के तहत प्रॉपर्टी कार्ड भी वितरित किए। विधायक ने गांव की गर्भवती महिलाओं को फल भी वितरित किए।










Leave a Reply