चंडीगढ़, 1 अक्तूबर
भाई-बहन, चाचा-भतीजा और समधी-समधन। आम जीवन में तो इन रिश्तों की अलग अहमियत है, लेकिन सियासी दंगल का अजब इत्तेफाक है कि दूरियां मजबूरियां बन जाती हैं। हरियाणा विधानसभा के इस बार के चुनावों में इन रिश्तों के बीच कहीं सीधा टकराव है तो कहीं पार्टी और सीट अलग-अलग। अगर बात करें समधी-समधन की तो दो जाने-पहचाने नाम मैदान में हैं। यह अलग बात है कि उनकी सीट और पार्टी दोनों अलग-अलग हैं। पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा कांग्रेस टिकट पर गन्नौर से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी समधन शक्ति रानी शर्मा (पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा की पत्नी) कालका से भाजपा की उम्मीदवार हैं। उनके बेटे कार्तिकेय शर्मा भाजपा के समर्थन से राज्यसभा में सांसद हैं और कुलदीप शर्मा के दामाद हैं। इससे पहले 2014 में कुलदीप शर्मा गन्नौर से विधायक बने थे। वहीं शक्ति रानी शर्मा ने अपने पति की पार्टी- हजपा (वी) से कालका से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गई थीं।










Leave a Reply