चंडीगढ़, 8 फरवरी – हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने दिल्ली चुनाव में भाजपा की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और उनकी जनकल्याणकारी नीतियों को देते हुए कहा कि जनता ने विकास और पारदर्शी शासन पर मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह जीत दर्शाती है कि दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी के कुशासन से तंग आ चुके थे, इसलिए उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के मामले में जो उन्नति और प्रगति की है, उसकी पहचान आज विश्वभर में दिखाई देती है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की विश्व में एक नई पहचान बनी है। पिछले 10 सालों में केंद्र सरकार ने बिना भेदभाव और सबका साथ सबका विकास की रणनीति अपनाते हुए हर वर्ग और क्षेत्र का विकास व कल्याण सुनिश्चित किया है।
श्री कृष्ण लाल पंवार ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल लगातार अपनी हार से बौखलाते हुए अनर्गल बयानबाजी कर रहे थे। उन्होंने तो यमुना में हरियाणा के लोगों द्वारा जहर मिलाने तक के बयान दिए। उन्होंने न केवल हरियाणा बल्कि दिल्ली की जनता का भी अपमान किया। अरविंद केजरीवाल ने स्वयं कहा था कि यदि मैं यमुना को साफ नहीं कर पाया तो 2025 में मुझे वोट मत देना। अब जनता ने उनके साथ न्याय किया है।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने लगातार झूठ की राजनीति करते हुए लोगों को केवल वायदे किए, धरातल पर कोई काम नहीं किया। इसलिए जनता उनके कुशासन से परेशान हो चुकी थी, जिसका परिणाम आज विधानसभा चुनावों के परिणामों में देखने को मिला। जनता ने भाजपा पर विश्वास जिताया है कि अब भारतीय जनता पार्टी दिल्ली को विकास के मार्ग पर तीव्र गति से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने भाजपा की जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का धन्यवाद व्यक्त किया।
Leave a Reply