प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय सेवा पखवाड़ा

चंडीगढ़, 13 सितम्बर— हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि आगामी  17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक प्रदेश में राष्ट्रीय सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। यह पखवाड़ा देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में उत्साह एवं हर्षोउल्लास के साथ चलाया जाएगा। इस पखवाड़ा के दौरान नरवाना (जींद) विधानसभा क्षेत्र में भी जन कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। सरकारी योजनाओं का आमजन तथा समाज के अन्तिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और अंत्योदय कल्याण इस पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य रहेगा।

कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को नरवाना (जींद) में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अपने जीवन के 75 वर्ष पूरे कर रहे है, उनके जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक प्रतिदिन जनसेवा को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, गरीब उत्थान, ग्रामीण विकास, सामाजिक समरसता तथा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति जन जागृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित होंगे। इस दौरान लोगों को एक पेड़ मां के नाम, बहन के नाम तथा बेटे के नाम लगाने और उसका संरक्षण करने के प्रति प्रेरित किया जाएगा ताकि ग्लोबल वार्मिंग तथा औद्योगिकरण के युग में बढ़ते प्रदुषण पर अंकुश लगाया जा सके और पर्यावरण संरक्षण किया जा सके।

इसके अलावा, उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के 750 गांवों को चिन्हित किया गया है जिनमें स्वास्थ्य कैम्प, स्वच्छता अभियान, सामाजिक सेवाओं एवं योजनाओं का जन- जन तक लाभ पहुंचाना, पेयजल, बिजली आपूर्ति, शिक्षा व्यवस्था जैसे तमाम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगीं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम में सरकार व प्रशासन के साथ आमजन की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। इसी दौरान ब्लॉक एवं उपमंडल स्तर पर दिव्यांगों की सहायता के लिए शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें दिव्यांग व्यक्तियों को कान की मशीन, चश्मा, ट्राई साइकिल सहित सभी प्रकार के कृत्रिम अंग भी प्रदान किए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री ने वातावरण की शुद्धि के लिए 17 सितंबर को शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में हवन यज्ञ करवाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हथकरघा एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति यथाशक्ति स्वदेशी वस्तुओं की खरीद भी करें ताकि प्रधानमंत्री के आत्म निर्भर भारत एवं लोकल फोर वोकल की अवधारणा को बल मिल सके। राजस्व व शहरी स्थानीय निकाय विभाग इस दौरान स्वामित्व योजना के तहत लोगों को मालिकाना हक दिलवाना सुनिश्चित करें। इसके लिए पखवाड़ा के दौरान लम्बित रजिस्ट्ररी तथा इंतकाल के कार्यों का निपटान करें। कैबिनेट मंत्री ने वर्तमान में प्रदेशभर में बने बाढ़ के हालात पर चिंता जताई और कहा कि आपदा की इस घड़ी में मौजूदा राज्य सरकार पूर्णतया गरीब, मजदूर एवं किसान के साथ खड़ी है। भारी बरसात तथा जलभराव से हुए नुकसान की पूरी भरपाई सरकार द्वारा की जाएगी, इसके लिए प्रभावित गांवों व कस्बों में ई- क्षतिपूर्ति पोर्टल पर नुकसान का ऑनलाइन ब्यौरा लिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *