विधायक मोहनलाल बड़ौली ने किया विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत गांव झुण्डपुर व चौहान जोशी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारंभ

चंडीगढ़, 8 जनवरी – विकसित भारत संकल्प यात्रा आज हरियाणा के जिला सोनीपत के गांव झुण्डपुर तथा चौहान जोशी पहुंची। इस अवसर पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में राई से विधायक श्री मोहनलाल बड़ौली की उपस्थित में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का लाइव संबोधन सुना। विधायक ने संकल्प यात्रा के तहत गांव झुण्डपुर तथा चौहान जोशी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित ग्रामीणों को विकसित भारत के संकल्प की शपथ दिलाई। गांव झुण्डपुर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में विधायक ने लगभग 65 लाख की लागत से पूरे हुए चार विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इन कार्यों में सरकारी स्कूल में दो कमरों का निर्माण, गांव में आंगनवाड़ी का निर्माण, पीडब्ल्यूडी रोड़ से गांव के सरकारी स्कूल तक गली का निर्माण तथा गांव की फिरनी का निर्माण शामिल है। विधायक श्री बड़ौली ने कहा कि मोदी – मनोहर सरकार अंत्योदय के सपने को साकार करने के लिए निंरतर प्रयासरत है और विकसित भारत संकल्प यात्रा इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका रखती है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन देशभर में एक साथ किया जा रहा है। जिला और पूरे हरियाणा प्रदेश में यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। एक ही स्थान पर ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह संकल्प यात्रा प्रदेश के हर जिले के प्रत्येक गांव, कस्बों व शहरों में पहुंच कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कारगर साबित होगी।

विधायक ने जिला समाज कल्याण, कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, कृषि विभाग, राजस्व, क्रीड, पब्लिक हेल्थ, महिला एवं बाल विकास, बैंकों के स्टाल सहित अन्य विभागों के स्टॉल्स का अवलोकन किया और सभी अधिकारियों से सरकार की योजनाओं के बारे में फीडबैक रिपोर्ट भी हासिल की। योजनाओं की जानकारी लेने, पात्रों द्वारा मौके पर ही राशन कार्ड बनाना, परिवार पहचान पत्र में शुद्धिकरण करवाना, स्वास्थ्य विभाग की स्टॉल पर स्वास्थ्य जांच, कृषि विभाग से योजनाओं की जानकारी लेने के लिए काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच रहे हैं और इस यात्रा की प्रशंसा कर रहे हैं।

कार्यक्रम में सैंकड़ों लोगों ने एलईडी वैन के जरिए हरियाणा व राज्य सरकार की उपलब्धियों की लघु फिल्मों को देखा। इन लघु फिल्मों के जरिए लोगों को सरकार की तमाम उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने ड्रोन प्रणाली से नैनो यूरिया खाद का प्रयोग करने की प्रक्रिया को भी बारीकी से देखा। इस अवसर पर विधायक श्री बड़ौली ने गांव की गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए और उज्जवला योजना के तहत पात्र महिलाओं को गैस सिलेंडर तथा गैस चूल्हे वितरित किए।

चंडीगढ़, 8 जनवरी- हरियाणा में डॉ. बीआर अंबेडकर नवीनीकरण आवास योजना के तहत एक अप्रैल 2023 से 31 दिसंबर 2023 के बीच 496 लाभपात्रों को तीन करोड़ 96 लाख 80 हजार रुपए की सहायता दी जा चुकी है।

        एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य राज्य के गरीब परिवारों को उनकी मकान की मरम्मत हेतु आर्थिक मदद उपलब्ध करवाना है। इसके अंतर्गत जो भी नागरिक सरकार द्वारा मकान की मरम्मत के लिए प्रदान की जाने वाली आर्थिक सहायता की राशि लेना चाहते हैं वे पात्रता को चेक करके ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग द्वारा योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक ऑनलाइन माध्यम से हरियाणा सरल पोर्टल द्वारा भी आवेदन कर सकते हैं।

        उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय तथा अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण और अंत्योदय विभाग द्वारा डॉ. बी.आर. अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना में मकान मरम्मत के लिए बीपीएल परिवार को 80 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। ये राशि एकमुश्त दी जाती है, जिसे लाभार्थी के पंजीकृत और आधार लिंक्ड बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सभी बीपीएल परिवारों को लाभ दिया जाता है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक को हरियाणा का स्थाई निवासी होना चाहिए तथा उसका नाम बीपीएल सूची में दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए हरियाणा एससीबीसीडॉटजीओवीडॉटइन वेबसाईट से फॉर्म डाउनलोड किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *