लोग बेबाक होकर अपनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को करा रहे हैं अवगत और तुरंत हो रहा है समस्याओं का समाधान
चंडीगढ़, 12 जनवरी- विकसित भारत संकल्प यात्रा हरियाणा के हर गांवों और शहरों में पहुंच रही है। लोग यात्रा का स्वागत करने के साथ-साथ अपनी समस्याओं से सांसदों, विधायकों और अधिकारियों को अवगत करा रहे हैं, जिससे उनकी समस्याओं का तुरंत ही समाधान हो रहा है। इस प्रक्रिया से लोग खुश हैं। उन्हें इस बात का संतोष है कि समस्याओं के निदान के लिए उन्हें अब जिला मुख्यालय के कार्यालयों में नहीं जाना पड़ता। इससे उनके समय व धन की भी बचत हो रही है। यात्रा के दौरान लोग स्वास्थ्य जांच का भी बखूबी लाभ ले रहे हैं। घर द्वार पर ही कैंप लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। अब तक यात्रा के दौरान 7 लाख 89 हजार 213 लोग विभिन्न जगहों पर लगे कैपों में स्वास्थ्य की जांच करा चुके हैं। इनमे 5 लाख 45 हजार से अधिक लोगों ने टीबी की जांच कराई है और लोगों को मुफ्त दवा भी मिल रही है। यात्रा के प्रति लोग खासे उत्साहित हैं।
अभी तक यात्रा में 44 लाख से अधिक लोग भागीदारी कर चुके हैं। इनमें 25 लाख 46 हजार 417 पुरुष और 18 लाख 47 हजार 832 महिलाएं यात्रा में उपस्थिति दर्ज कराई हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का विजन है कि वर्ष 2047 तक भारत को विश्व का विकसित राष्ट्र बनाना है, इसी उद्देश्य को पूरा करने के मकसद से पूरे भारत में 16 नवंबर, 2023 से ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ निकाली जा रही है।










Leave a Reply