भाजपा सरकार 3.0 में प्रमुख नेता सीएमओ का प्रारूप निर्धारित करेंगे

चंडीगढ़, 14 अक्तूबर

हरियाणा में भाजपा सरकार 3.0 का चेहरा पूरी तरह बदला होगा। मंत्रिमंडल में जहां अधिकतर नये चेहरे शामिल होंगे, वहीं सीएमओ के अधिकारियों के साथ ही सीएम स्टॉफ में भी बड़़ा बदलाव तय माना जा रहा है। भाजपा आलाकमान ने हरियाणा के प्रभारी रह चुके विनोद तावड़े, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, विधानसभा चुनाव सहप्रभारी बिप्लब देब और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को सीएमओ का प्रारूप तय करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ दो दिन के प्रवास पर हरियाणा आ रहे हैं। अमित शाह खुद नयी सरकार के चेहरे-मोहरे पर मुहर लगाएंगे। शाह की मौजूदगी में बुधवार को पहले विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नये मुख्यमंत्री के रूप में नायब सैनी के नाम का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके बाद, अलग से बैठक कर मंत्रियों के नाम और उनके विभाग तय किए जाएंगे। इस दौरान विधायक दल के नेता राजभवन जाकर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। बता दें कि पिछली सरकार के 14 सदस्यीय मंत्रिमंडल में इस बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अलावा सिर्फ मूलचंद शर्मा और महिपाल ढांडा ही जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे हैं। ऐसे में मंत्रिमंडल में नये चेहरों को जगह मिलेगी।

महिला कोटे से श्रुति चौधरी, बिमला चौधरी और आरती राव में से किसी एक को मंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री के साथ अनिल विज, महीपाल ढांडा, विपुल गोयल, कृष्ण बेदी, रणबीर गंगवा, सुनील सांगवान, लक्ष्मण यादव, अरविंद शर्मा और श्याम सिंह राणा मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। वहीं, कृष्ण लाल पंवार को विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *