गृह मंत्री अनिल विज ने प्रातः सैकड़ों लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए

चंडीगढ़, 6 जनवरी – हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज से न्याय की आस लेकर शनिवार कड़ाके की सर्दी के बावजूद प्रदेशभर से सैकड़ों फरियादी अम्बाला स्थित उनके आवास पर पहुंचे। गृह मंत्री के समक्ष आज कबूतरबाजी के कई मामले आए जिन पर कार्रवाई के लिए उन्होंने कबूतरबाजी के लिए गठित एसआईटी को कार्रवाई के निर्देश दिए कैथल से आए फरियादी ने गृह मंत्री अनिल विज को बताया कि एजेंटों ने उसे जर्मनी वर्क वीजा पर भेजने के नाम पर उससे छह लाख रुपए की ठगी की। उसने बताया कि पहले एजेंटों ने उसे जर्मनी भेजने का झांसा देकर रूस भेज दिया, वहां कुछ दिन रहने के बाद आगे भेजने के बजाए वापस भारत आने को कहा गया। इसके बाद एजेंटों ने उसे श्रीलंका के रास्ते दुबई भेजा और झांसा दिया कि आगे जर्मनी जल्द भेजा जाएगा। दुबई में कुछ माह रहने के बाद उसे कजाकिस्तान भेजा गया जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने बीते वर्ष जुलाई माह में डि-पोर्ट करते हुए नई दिल्ली की फ्लाइट पर बिठा दिया। देश में आकर उसने एजेंटों से पैसे वापस मांगे तो उसे धमकियां दी गई।

     इसी तरह, कबूतरबाजी के एक अन्य मामले में यमुनानगर निवासी युवक को पुर्तगाल भेजने के नाम पर एजेंटों ने 9 लाख रुपए की ठगी की। युवक ने गृह मंत्री अनिल विज को बताया कि पुर्तगाल भेजने के लिए एजेंटों द्वारा वीजा उसे दिखाया गया परंतु वह फर्जी था। इसी प्रकार, कुरुक्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि उसे स्टडी वीजा पर इंग्लैंड भेजने के नाम पर एजेंटों ने उससे 21 लाख रुपए की ठगी की, जो वीजा उसे दिया गया वह फर्जी था। वहीं, कुरुक्षेत्र निवासी युवक ने बताया कि उसे अमेरिका भेजने के नाम पर 9.50 लाख रुपए की ठगी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *