महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर सरकार कर रही जनकल्याण के कार्य : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 24 दिसंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि सरकार महापुरुषों के बताए गए मार्ग पर चलते हुए लोगों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महापुरुषों की प्रेरणा से ही प्रदेश में हितकारी फैसले लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री मंगलवार को सिरसा जिला के गांव फूलकां में महाराजा सूरजमल के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जाट विकास मंच और समस्त ग्रामवासी फूलकां द्वारा आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह में उपस्थितजन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम गांव में स्थापित की गई महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का अनावरण किया और पौधारोपण भी किया। इसके बाद बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने भारतीय जाट विकास मंच को 21 लाख रुपये और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर शिक्षार्थ एवं धर्मार्थ ट्रस्ट को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महाराजा सूरजमल के जीवन को नई पीढिय़ों के लिए प्रेरणादायक व आदर्श भरा बताते हुए कहा कि  उत्तर भारत में मुगलों को मुंहतोड़ जवाब देने वाले राजाओं में महाराजा सूरजमल जी का नाम बड़े ही गर्व और गौरव के साथ लिया जाता है। महाराजा सूरजमल जी ने 14 वर्ष की छोटी आयु में भरतपुर रियासत का राजकाज संभाला और फिर अनेक युद्ध जीतकर उसका विस्तार भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा सूरजमल ने अपनी दूरदर्शिता, साहस और वीरता के बल पर भरतपुर राज्य का विस्तार बहुत दूर तक किया था। वह पूर्व में गंगा तक, दक्षिण में चम्बल तक, पश्चिम में आगरा तक तथा उत्तर में दिल्ली तक फैल गया। युद्ध की अपेक्षा कूटनीति का सहारा लेकर उन्होंने अपनी प्रजा को शांति और सुरक्षा प्रदान की। अपनी ओर तनी अब्दाली की तोपों का उन्होंने अपनी कुशल रणनीति से रूख उल्टा मोड़ दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *