मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांवों का धन्यवादी दौरा

चंडीगढ़, 6 नवंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवासीय भूमि से वंचित 2 लाख योग्य प्रार्थियों को 100-100 वर्ग गज के प्लॉट की सौगात देगी। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। इस योजना ‌के अंतर्गत प्रदेश में 5 लाख लोगों ने प्लॉट के लिए आवेदन किया था। इन सभी योग्य लाभार्थियों को अलग-अलग चरणों में 100-100 वर्ग गज के प्लॉट दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री बुधवार को जिला कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र में गांव उमरी, मथाना, दबखेडा, वडैचपुर और छलौंदी में धन्यवादी दौरे को लेकर आयोजित कार्यक्रमों में बोल रहे थे। सभी गांवों में मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। अनेक स्थानों पर मुख्यमंत्री को सम्मान सूचक पगड़ी पहनाकर तथा फूल मालाओं से उनका अभिनंदन किया। उन्होंने ग्राम पंचायत उमरी, मथाना, दबखेडा, वडैचपुर और छलौंदी की सभी मांगों को पूरा किया और गांव मथाना, दबखेडा, वडैचपुर और छलौंदी को 21-21 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को 2100 रुपए की राशि देने के अपने चुनावी वायदे को पूरा करने की दिशा में काम करते हुए अधिकारियों को व्यवस्था बनाने के आदेश दिए गए हैं और शीघ्र ही प्रदेश की महिलाओं को यह सौगात दी जाएगी।

इस धन्यवादी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव दबखेडा में बड़े सामुदायिक केन्द्र की सौगात देने के साथ-साथ पिछड़ा वर्ग चौपाल के नवीनीकरण की भी मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों को हाथ जोड़कर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लाडवा विधानसभा के साथ-साथ प्रदेश में तेज गति के साथ विकास कार्य किए जाएंगे और प्रदेश में सभी सड़कों के नवीनीकरण और मरम्मत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी के लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेवारी तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *