हरियाणा में भाजपा का 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य : पंडित मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 22 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी का हरियाणा में 5 नवम्बर से सदस्यता अभियान चलेगा। सदस्यता अभियान की योजना को लेकर मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने दिल्ली हरियाणा भवन में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। प्रेसवार्ता में श्री बड़ौली ने पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए और कांग्रेस पर प्रहार भी किए। श्री बड़ौली ने कांग्रेस को बीमार पार्टी बताया और एक अच्छे डाक्टर से इलाज कराने की सलाह भी दी।
सदस्यता अभियान के बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यता अभियान शुरू करने से पहले 26 अक्टूबर को रोहतक में महत्वपूर्ण बैठक होगी जिसमें सांसद, विधायक, प्रत्याशी, मेयर, चेयरमैन, जिला परिषद के चेयरमैन आदि शामिल होंगे। इस बैठक में पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी जाएंगी और सदस्यता अभियान की सफलता के लिए अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि 28 और 29 अक्टूबर को जिलों में बैठकें होगी और दीपावली के बाद 5 नवंबर से पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के लिए प्रदेश टोली का भी गठन कर लिया गया है। वेदपाल एडवोकेट को प्रदेश संयोजक बनाया गया है तथा पांच सदस्य नियुक्त किए गए हैं।
पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार मिशन मोड़ में काम कर रही है। हरियाणा में मंत्रिमंडल का गठन हो चुका है और सभी मंत्री अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जनहित में जो भी वादे किए हैं उन्हें पूरा करने काम लगातार जारी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पार्टी को भी आड़े हाथो लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बीमार है, कांग्रेसी नेताओं के विचार बुढ़ापा के प्रतीक हैं, इसलिए कांग्रेस को अच्छे इलाज की जरूरत है।
पत्रकार के एक सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की जनता का भाजपा पर विश्वास बढ़ा है, इसलिए जनता ने तीसरी बार स्पष्ट बहुमत देकर सेवा करने का मौका भाजपा को दिया है। श्री बड़ौली ने आम आदमी पार्टी को भी घेरा। उन्होंने कहा कि झूठ बोलना आम आदमी पार्टी के नेताओं की पुरानी आदत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *