जन संवाद पोर्टल पर अपलोड हुए कार्यों को प्रतिदिन देखें अधिकारी- मनोहर लाल

लक्ष्य निर्धारित करते हुए जल्द इन्हे पूरा करने के लिए करें आवश्यक कार्यवाही

विश्वविद्यालयों के छात्र बनायेंगे एस्टीमेट, विकास कार्यों को मिलेगी गति, इसके लिए छात्रों को दिया जायेगा प्रशिक्षण

चंडीगढ़, 18 जनवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि अधिकारी जन संवाद पोर्टल पर अपलोड हुए सभी प्रकार के विकासात्मक कार्यों को प्रतिदिन देखें और एक लक्ष्य निर्धारित करते हुए इन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। अधिकारी विकास कार्यों की प्लानिंग जितनी ज्यादा करेंगें उतना ही प्रदेश की जनता को फायदा होगा। प्रदेश सरकार की मंशा है कि जन संवाद कार्यक्रम के दौरान नागरिकों द्वारा उठाए जा रही सभी मांगों व शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए इन्हें पूरा किया जाए।

श्री मनोहर लाल आज यहां विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा विकास कार्यों की प्रगति को लेकर आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री श्री देवेन्द्र सिंह बबली भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि जन संवाद पोर्टल से अब हमें चंडीगढ बैठे ही पता चलता है कि किस इलाके की क्या मांग है और कौन-कौन से काम लंबित हैं ताकि इन्हें प्राथमिकता देते हुए तेजी से पूरा करवाया जा सके।  उन्होंने कहा कि ग्रामीण आंचल में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है अगर बजट को और बढाना पडेगा तो भी हम बढाएगें।

बैठक में विभाग द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि पहले प्रदेशभर से विकास कार्यों को लेकर जो भी मांगें आती थी वे संबंधित विभागों द्वारा मनमर्जी के आधार पर पूरी होती थी। इसी को देखते हुए वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा गत वर्ष अप्रैल माह में जन संवाद कार्यक्रम शुरू किया गया ताकि लोगों से मिलने वाली सभी मांगों का पंजीकरण हो और उसी आधार पर प्राथमिकता के साथ ऐसे कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा सके। 

 प्रदेश में चल रहे विकसित भारत संकल्प यात्रा जन संवाद कार्यक्रमों में आने वाली सभी मांगों को भी इस पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। उसके बाद प्राथमिकता के आधार पर सभी कार्यों को धरातल पर लाने की दिशा में संबंधित विभाग कार्य करेगें। इस कड़ी में विकास एवं पंचायत विभाग की भी अहम जिम्मेदारी बनती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *