आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य – विपुल गोयल

आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य – विपुल गोयल

हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को चाहिए कि वे समिति की बैठकों में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करें। शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

सोमवार को नूंह में आयोजित समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री विपुल गोयल ने कुल 19 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें 3 पुरानी और 16 नई शिकायतें शामिल थीं। बैठक के दौरान 12 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 7 शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई और प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देशों के साथ अगली बैठक तक लंबित रखा गया।

बैठक में वार्ड नंबर-8, तावडू निवासी रजनी की शिकायत पर मंत्री ने एस.आई.टी. (SIT) को इस मामले की पुनः जांच करने और शिकायतकर्ता को जांच रिपोर्ट तथा उपलब्ध साक्ष्य दिखाने के निर्देश दिए। मामले को अगली बैठक तक लंबित रखा गया। गांव आकेड़ा निवासी एडवोकेट खुरशीद द्वारा उनके घर के सामने और प्लॉट में गंदा पानी जमा होने की शिकायत पर कार्यकारी अभियंता (PWD), कार्यकारी अभियंता (पंचायती राज) और समिति के सदस्य मनीष की एक समिति गठित की गई। समिति को मामले की जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल ने अन्य विवादों की भी सुनवाई करते हुए अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए।

लगभग ₹35 करोड़ की लागत से पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर रोड बनेगा फोरलेन – राजेश नागर

**चंडीगढ़, 28 सितंबर:** हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि जिला फरीदाबाद के तिगांव विधानसभा क्षेत्र में पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर जाने वाले मुख्य मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। लगभग ₹35 करोड़ की लागत से 4.6 किलोमीटर से अधिक लंबे इस मार्ग का निर्माण किया जाएगा। फोरलेन बनने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ लोगों को आवागमन में भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

श्री राजेश नागर ने बताया कि क्षेत्र के विकास और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पल्ला-सेहतपुर से बसंतपुर रोड को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता रही है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित फोरलेन मार्ग पर बस स्टॉप सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी होंगी, जिससे रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों को सहूलियत मिल सके।

उन्होंने कहा कि सड़क के फोरलेन बनने से ट्रैफिक का दबाव कम होकर आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। साथ ही आसपास के इलाकों—सेक्टर 35, 37, अशोका एन्क्लेव, सराय ख्वाजा, मोलरबंद, एतमादपुर, आई.पी. कॉलोनी, बदरपुर, अगवानपुर डेयरी आदि के साथ कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

श्री राजेश नागर ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की मंजूरी और इसे आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है और तिगांव विधानसभा क्षेत्र में भी लोगों की आवश्यकता के अनुसार विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राज्य के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित किए जा रहे हैं पोषण एवं एनीमिया जागरूकता अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राज्य भर के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं एनीमिया जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए बच्चों, महिलाओं और आम जनता को संतुलित पोषण, स्वस्थ खान-पान और एनीमिया की रोकथाम के संबंध में जागरूक किया।

एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में आम जनता ने विभिन्न पोषण एवं एनीमिया जागरूकता गतिविधियों में हिस्सा लेते हुए स्वस्थ और पौष्टिक खुराक के महत्व की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बताया गया कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए दैनिक आहार में आवश्यक पोषक तत्वों का उचित मात्रा में शामिल होना अनिवार्य है। लोगों को एनीमिया के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को नियमित आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान हरी पत्तेदार सब्जियों, दालों, चने, सोयाबीन, गुड़ और तिल आदि पौष्टिक तथा आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन पर विशेष जोर दिया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जाने वाले विभिन्न पोषण संबंधी खाद्य पदार्थों, जैसे मुरमुरे, सोयाबीन, दलिया, चूरमा, दूध और प्रोटीन मिल्क बार आदि के पोषण संबंधी महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। इन खाद्य पदार्थों का उद्देश्य बच्चों और लाभार्थियों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना तथा उनके शारीरिक विकास में सहयोग प्रदान करना है। विशेष रूप से कम वजन वाले बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले पौष्टिक खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन के महत्व के बारे में अभिभावकों को जागरूक किया गया।

#PoshanAbhiyaan#KuposhanMuktHaryana#SewaSankalpAbhiyaan#NutritionForChildren#HealthyHaryana
#AnemiaMuktBharat#AnganwadiServices

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *