प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब में सरकार बनने पर विकसित भारत की तर्ज पर बनाएंगे विकसित पंजाब- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज पंजाब की राजनीति ऐसे दौर से गुजर रही है जहाँ सत्ता, स्थिरता और जनहित के बीच संघर्ष चल रहा है। युवा नशे की गिरफ्त में हैं। पंजाब में ऐसी सरकार की जरूरत है जो राज्य के विकास के लिए फैसले लेने से न डरे, जो जनता के हित को सबसे ऊपर रखे और जो देशहित में काम करे। यह सब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव है। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प की तर्ज पर विकसित पंजाब बनाने का काम करेंगे और हरियाणा की कल्याणकारी योजनाओं को भी पंजाब में लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास ‘संत कबीर कुटीर’ में पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों के 500 से अधिक सरपंचों, जिला परिषद सदस्यों और किसान संगठनों के नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के अपने संकल्प पत्र के 217 में से 70 वादों को 18 महीनों में ही पूरा करके दिखा दिया है, जबकि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पांच वर्षों में अपने 57 चुनावी वादों में से एक भी पूरा नहीं कर सकी।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा के 2 लाख से अधिक युवाओं को बिना ‘खर्ची’ और बिना ‘पर्ची’ के सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि पंजाब में नौकरियों के नाम पर युवाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने युवाओं को नशे की बुराई से बचाने के लिए एक व्यापक और सख्त अभियान चला रखा है, जबकि पंजाब का युवा नशे की गिरफ्त में है। पंजाब सरकार नशे को दूर करने में असफल रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेहतर खेल नीति के कारण खिलाड़ी ओलंपिक, पैरा ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश में सबसे ज्यादा मेडल जीत रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की सभी फसलें एमएसपी (MSP) पर खरीद रही है। 12 वर्षों में किसानों को फसलों के नुकसान के एवज में 16,500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की संस्कृति मजबूत हुई है। हरियाणा सरकार ने गुरुओं और संतों के पर्व मनाने का काम किया है। इसी श्रृंखला के तहत श्री गुरु तेग बहादुर जी, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और श्री गुरु अर्जुन देव जी का प्रकाश पर्व मनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश का एक समृद्ध राज्य रहा है, लेकिन आजादी के लगभग 19 साल बाद पंजाब से अलग होकर बना हरियाणा राज्य आज विकास की यात्रा में पंजाब से बहुत आगे निकल गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार आने पर लोगों का पंजाब के प्रति जो विश्वास और पहचान थी, उसे फिर से बहाल किया जाएगा। युवाओं को नशे से दूर किया जाएगा, उद्योगों का पलायन रोका जाएगा, युवाओं को स्टार्टअप्स के जरिए आगे बढ़ाया जाएगा और व्यापारियों के बीच से डर को खत्म किया जाएगा।

इस अवसर पर पंजाब के पूर्व सांसद सरदार जगमीत सिंह बराड़, हरियाणा के मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. श्री भारत भूषण भारती, महेंद्र सिंह सैनी, सरदार दीदार सिंह भट्टी, सरदार रधुवीर सिंह छिंदा, जत्थेदार बाबा पंजाब सिंह, राजिंदर कौर, विशाल गुर्जर और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

#NayabSinghSaini #ViksitPunjab #ViksitBharat #BJP4Punjab #PMModi #HaryanaModel #PunjabPolitics #DrugFreePunjab #JanKalyan #BJP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *